Harbhajan Singh On Hardik Pandya: आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के नए कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ उतरने का दांव बिल्कुल सही नहीं बैठा। मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी और उसका सफर 8 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर खत्म हुआ। 14 मैच में टीम केवल 4 मुकाबला ही जीत पाई। बतौर कप्तान तो हार्दिक पांड्या की आलोचना हुई ही एक खिलाड़ी के तौर पर भी वह इस सीजन फेल रहे।
खिलाड़ी के तौर पर फेल हार्दिक
एक खिलाड़ी के तौर पर हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन की बात करें तो 14 मैच में उन्होंने 18 की मामूली औसत से 216 रन बनाए और उनका उच्चतम स्कोर 46 रन रहा। गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 14 मैच की 12 पारी में 11 विकेट तो चटकाए लेकिन उनका इकोनॉमी 10 से ऊपर का थो जो उनके सरीखे खिलाड़ी को शोभा नहीं देता है।
हरभजन ने उठाया कप्तानी के टाइमिंग पर सवाल
टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज और कभी मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हरभजन सिंह ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा 'मैं मुंबई के लिए 10 साल खेल चुका हूं। टीम मैनेजमेंट शानदार है लेकिन उनका यह वाला निर्णय उल्टा पड़ गया। हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाते वक्त मैनेजमेंट भविष्य के बारे में सोच रहा था लेकिन ये बात टीम के साथ सेट नहीं हुई। जब टीम खेल रही थी तो ऐसा लग रहा था मानो कप्तान अलग खेल रहा हो और पूरी टीम अलग हो। मुझे लगता है कि (पांड्या को कप्तान बनाने का) समय सही नहीं था। शायद ये एक साल बाद किया जा सकता था।
हार्दिक की कोई गलती नहीं
हरभजन सिंह ने आगे कहा कि इस निर्णय में हार्दिक पांड्या को कोई गलती नहीं है, क्योंकि वह गुजरात टाइटंस के कप्तान भी थे। टीम एकजुट होकर नहीं खेली और सीनियर खिलाड़ियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि टीम एकजुट हो।
मुंबई इंडियंस में हो सकता है बदलाव
आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन होना है ऐसे में अटकलें लगाई जा रही है कि मुंबई इंडियंस में बदलाव हो सकता है और रोहित शर्मा सहित कुछ सीनियर खिलाड़ी टीम का साथ छोड़ ऑक्शन में जा सकते हैं। देखना दिलचस्प होगा अगर ऐसा होता है तो उन खबरों पर मुहर लग जाएगी जिसमें कहा जा रहा था कि टीम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था।
