क्रिकेट

सिर्फ एक ही तरीका है, हरभजन सिंह ने बताया वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी का तोड़

Harbhajan Singh On How To Stop Vaibhav Suryavanshi: टीम इंडिया के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी तेजी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने कदम आगे बढ़ा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने बताया है कि वैभव को रोकने का एकमात्र तरीका क्या है।

Image

हरभजन सिंह ने बताया वैभव सूर्यवंशी का तोड़ (Instagram/AP)

जब से वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल व घरेलू क्रिकेट की दहलीज पार करके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा है, तभी से दुनिया भर की नजरें उन पर लगातार टिकी हुई हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक भी दिखा दी। अब हर अगली सीरीज में वैभव से उम्मीदें बढ़ती जाएंगी। टीम इंडिया के महान पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी का बेखौफ आक्रामक बल्लेबाजी प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेजोड़ है और इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को रोकने के लिए किसी भी गेंदबाज को आक्रामक रुख अपनाना होगा क्योंकि उसे बांधकर रखना कोई विकल्प नहीं है। हरभजन का मानना है कि कम उम्र और सीमित अनुभव के बावजूद सूर्यवंशी गेंदबाज के मन में संदेह पैदा करने की क्षमता रखते हैं।

हरभजन ने पीटीआई को दिए पॉडकास्ट साक्षात्कार में कहा, "वैभव सूर्यवंशी असाधारण हैं। वह एक अलग तरह का खिलाड़ी है। मैंने इससे पहले ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा जो 14-15 साल की उम्र में ही दुनिया पर दबदबा बना सके।" राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2025 में 14 साल की उम्र में पदार्पण करने के साथ ही सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंद में शतक जड़कर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।

उनका शानदार सफर इस साल भी जारी रहा और वह 15 साल 99 दिन की उम्र में ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ खेलकर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन की पारी खेली थी जो टूर्नामेंट के फाइनल के इतिहास का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और भारत ने खिताब अपने नाम किया।

इस साल के आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने दुनिया के शीर्ष तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस की पहली ही गेंदों पर छक्के लगाकर उनका शानदार अंदाज में स्वागत किया था। हरभजन ने कहा, "जब दुनिया के शीर्ष गेंदबाज उसे गेंदबाजी कर रहे होते हैं तो वे असल में यह सोच रहे होते हैं कि गेंद कहां डालनी है। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है।"

उस पर आक्रमण करो...

यह पूछे जाने पर कि ऐसे बल्लेबाज को कैसे गेंदबाजी की जाए जो गेंदबाज के नाम, मौके या क्षेत्ररक्षण से प्रभावित होने से इनकार करता हो, हरभजन ने कहा, "बचे रहने का एकमात्र तरीका है कि उस पर आक्रमण करें। आप उस पर आक्रमण करें और उसका विकेट लें।" उन्होंने कहा, "यह हर बार काम नहीं करेगा। कई बार आप बुरी तरह पिट भी सकते हैं। वह छक्के लगा सकता है। लेकिन यह खेल का हिस्सा है। आपको स्वीकार करना होगा कि वह अच्छा खिलाड़ी है।"

सूर्यवंशी के खिलाफ कैसी हो गेंदबाज की रणनीति

पावरप्ले में सूर्यवंशी को गेंदबाजी करने की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर इस पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा, "मैं उसके हिसाब से क्षेत्ररक्षण नहीं लगाऊंगा। मैं अपने हिसाब से क्षेत्ररक्षण लगाऊंगा। अगर मैं बचने के लिए गेंदबाजी करूंगा तो मैं उसे आउट नहीं कर पाऊंगा।" उन्होंने कहा, "आप उसके खिलाफ आक्रमण करें और उसका विकेट लें। आपको सफलता मिल सकती है या नहीं भी मिल सकती। यह केवल समय की बात है। आपको स्वीकार करना होगा कि वह अच्छा है।" हरभजन ने कहा, "लेकिन फिर भी अगली गेंद का मकसद उसे आउट करने का तरीका तलाशना होना चाहिए।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article