मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज से पहले हार्दिक पांड्या पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन रोहित के फिटनेस पर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विराट कोहली इंजरी के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि, इंग्लैंड दौरे के लिए किंग कोहली उपलब्ध रहेंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैच की इस सीरीज में विराट कोहली को युवा यशस्वी जायसवाल रिप्लेस करेंगे, जिसकी घोषणा, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को कर दी थी। जायसवाल को रोहित शर्मा के कारण वनडे टीम में खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। आखिरी बार जब जायसवाल भारत के लिए वनडे खेले थे तो उन्होंने शानदार शतक जड़ा था। इसके बावजूद अब उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर ही मौका मिलता है। अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज में भी एकबार यही हुआ, जब उन्हें विराट की जगह टीम में शामिल किया गया।
विराट के बाहर जाने पर पूर्व भारतीय का बयान
विराट कोहली के इस सीरीज में ना खेल पाने को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने अजीबोगरीब दलील दी। उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा 'मैं वास्तव में विराट कोहली के अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज में न खेलने की खबर से खुश हूं। मुझे लगा था कि अगर विराट अगले वर्ल्ड कप तक हर सीरीज खेलते तो यह कुछ ज्यादा ही हो जाता। आईपीएल के बिजी शेड्यूल के बाद उनके लिए आराम करना ही अच्छा था।' उन्होंने ये बात विराट के वर्कलोड को देखते हुए कही।
उन्होंने आगे कहा कि विराट के बाहर जाने से अगर जायसवाल जैसे खिलाड़ी को खेलने का मौका मिलता है तो यह हमारे लिए बेस्ट ऑप्शन है। उन्होंने कहा कि विराट का अनुभव हमें इंग्लैंड दौरे पर चाहिए होगा, ऐसे में उन्हें आराम दिए जाने का निर्णय सही है।
13 जून से वनडे सीरीज
भारत-अफगानिस्तान 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने जा रहा है। तीसरा मुकाबला 20 जून को खेला जाएगा। ये मुकाबले क्रमश: धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।
