MS Dhoni Birthday: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी आज 45 साल के हो गए हैं। 7 जुलाई 1981 को झारखंड के रांची में जन्मे माही का जन्मदिन हर साल क्रिकेट फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता बै। आज सुबह से ही सोशल मीडिया पर #HappyBirthdayDhoni ट्रेंड कर रहा है। इस दौरान क्रिकेट फैंस पुराने मैचों के वीडियो और उनके कुछ बेस्ट मोमेंट्स शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता।
जन्म और परिवार
धोनी का जन्म पान सिंह धोनी और देवकी देवी के घर हुआ था। उनके पिता पान सिंह MECON में जूनियर मैनेजर थे। धोनी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनकी एक बड़ी बहन हैं, जिनका नाम जयंती गुप्ता और बड़े भाई का नाम नरेंद्र सिंह धोनी हैं। रांची के डीएवी जवाहर विद्या मंदिर से पढ़ाई करने वाले धोनी स्कूल टाइम में फुटबॉल के गोलकीपर थे। हालांकि, बाद में कोच केशव बनर्जी की सलाह पर उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया।

महेंद्र सिंह धोनी (फोटो साभार- BCCI)
धोनी ने कब किया इंटरनेशनल डेब्यू
धोनी ने भारत के लिए पहला मैच 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव वनडे में खेला। हालांकि, डेब्यू मैच में वह खाता खोले बिना रन आउट हो गए थे। उनका टेस्ट डेब्यू 2 दिसंबर 2005 को श्रीलंका के खिलाफ चेन्नई में हुआ। वहीं टी-20 इंटरनेशनल में उन्होंने पहला मैच 1 दिसंबर 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेला।

महेंद्र सिंह धोनी का बर्थडे (फोटो साभार-BCCI)
कप्तानी और उपलब्धियां
धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2007 में पहला टी-20 वर्ल्ड कप, साल 2011 में 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीता। वह ICC की तीनों लिमिटेड ओवर ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारत टेस्ट में भी पहली बार नंबर-1 बना। धोनी साल 2008 और 2009 में लगातार दो बार ICC ODI Player of the Year बने। वहीं साल 2011 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया। भारत सरकार ने धोनी को साल 2009 में पद्मश्री से और साल 2018 में पद्मभूषण से सम्मानित किया। वहीं, साल 2019 में धोनी को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक मिली।
