क्रिकेट

GT vs CSK: गुजरात ने जीत के साथ किया आईपीएल 2023 का आगाज, चेन्नई को 5 विकेट से हराया

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Apr 1, 2023, 12:04 AM IST

GT vs CSK: गुजरात ने आईपीएल 2023 के ओपनिंग मैच में चेन्नई को 5 विकेट से हरा दिया है। गुजरात के सामने जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य था जो उसने 4 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राहुल तेवतिया ने 15 और राशिद खान ने नाबाद 10 रन की पारी खेली।

Image

राशिद खान

Photo : Twitter

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हुए आईपीएल के ओपनिंग मैच में गुजरात टाइटंस ने जीत के साथ शुरुआत की है। चेन्नई ने गुजरात के सामने 179 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने 5 विकेट खोकर 4 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया। राहुल तेवतिया ने 14 गेंद पर 15 और राशिद खान ने 3 गेंद पर 10 रन की पारी खेली।

आखिरी दो ओवर में राशिद और तेवतिया का कमाल

आखिरी दो ओवर में गुजरात को जीत के लिए 23 रन की दरकार थी और मैच रोमांचक मोड़ पर था, लेकिन राशिद खान ने पहले दो गेंद पर 10 रन बनाकर मैच गुजरात की तरफ मोड़ दिया। आखिरी ओवर में तेवतिया ने मोर्चा संभाला और एक छक्का और चौका लगाकर जीत दिला दी।

इससे पहले 179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम की तरफ से शुभमन गिल और रिद्दिमान साहा ने पहले विकेट के लिए 3.5 ओवर में 37 रन जोड़ कर अच्छी शुरुआत दी। 37 रन के स्कोर पर गुजरात ने साहा के रुप में अपना पहला विकेट गंवाया। उन्होंने 16 गेंद में 25 रन की पारी खेली। उसके बाद दूसरे छोर पर गुजरात ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन शुभमन गिल डटे रहे। उन्होंने 36 गेंद पर 63 रन की पारी खेली।

चेन्नई ने बनाए 178 रन इससे पहले टॉस जीतकर गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई की तरफ से रुतुराज गायकवाड़ ने 50 गेंद पर 92 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के जड़े। गायकवाड़ के अलावा मोईन अली ने 23 और शिवम दुबे ने 19 रन की पारी खेली। गायकवाड़ की पारी के दम पर चेन्नई ने 7 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए।

मोहम्मद शमी और राशिद चमके

गुजरात की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2023 का पहला विकेट झटका। उन्होंने डेवॉन कॉन्वे को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने मैच में कुल दो विकेट झटके। शमी के अलावा राशिद खान और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट चटकाए। राशिद ने बल्लेबाजी में भी धमाल मचाया और 3 गेंद पर 1 छक्का और चौका जड़ा। आईपीएल में यह गुजरात की चेन्नई के खिलाफ लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले पिछले सीजन में गुजरात ने चेन्नई को दो बार हराया था।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article