क्रिकेट

IPL फाइनल में हार के बाद गुजरात टाइटंस की टीम बस में लगी आग, बाल-बाल बचे कप्तान गिल व अन्य खिलाड़ी

Gujarat Titans Team Bus Caught Fire: आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गुजरात टाइटंस को करारी मात देकर मेजबान टीम का दूसरा खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया। मैच में निराशाजनक नतीजे के बाद एक और दुखद व चौंकाने वाली खबर आई जब गुजरात टाइटंस की टीम बस में आग लग गई।

Image

गुजरात टाइटंस की टीम बस में लगी आग (Instagram/X)

GT Team Bus Caught Fire: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को आरसीबी के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी ने जहां लगातार दो खिताब जीतने का कमाल किया, वहीं गुजरात टाइटंस अपने दूसरे आईपीएल खिताब से चूक गई। गुजरात के लिए झटका यहीं समाप्त नहीं हुआ, मैच के बाद उनकी टीम बस में भी आग लग गई जिससे वहां हड़कंप की स्थिति बन गई।

ताजा खबरों के मुताबिक मामला तब का है जब गुजरात टाइटंस की टीम मैच के बाद वापस टीम होटल लौट रही थी। उसी दौरान उनकी टीम बस में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। बस से धुआं और आग भी निकलने लगी। बस में कप्तान शुभमन गिल सहित टीम के तमाम अन्य खिलाड़ी भी मौजूद थे। जैसे ही आग लगने की बात पता चली, सभी खिलाड़ियों व टीम के अन्य स्टाफ को तुरंत बस से बाहर सुरक्षित निकाला गया।

बताया जा रहा है कि इस हादसे में किसी खिलाड़ी को नुकसान की खबर नहीं है लेकिन खिलाड़ियों को बीच रास्ते काफी समय तक फंसे रहना पड़ा। बाद में अन्य वाहन का इंतजाम करके उन्हें होटल रवाना किया गया।

फाइनल मैच में क्या हुआ

इससे पहले, आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने शानदार गेंदबाजी की और गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन के स्कोर पर ही रोक दिया। जवाब में उतरी आरसीबी की टीम ने विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी के दम पर 5 विकेट खोकर 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जीता। इसी के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू आईपीएल इतिहास की तीसरी टीम बन गई है जिसने दो लगातार साल आईपीएल खिताब जीते हैं। इससे पहले ये कमाल सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने किया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article