क्रिकेट

IPL 2026 Final: शुभमन गिल के शतक से फाइनल में गुजरात टाइटंस, 31 मई को आरसीबी से भिड़ंत

IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हरा दिया। इस जीत के साथ ही गिल एंड कंपनी आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच गई है जहां उसका सामना आरसीबी ने रविवार को होगा।

Image

शुभमन गिल (साभार-X)

IPL 2026 Final: गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली, जहां 31 मई को उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गुजरात टाइटंस के सामने जीत के लिए 215 रन का मुश्किल लक्ष्य था, जिसे कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने अपनी दमदार बैटिंग से आसान बना दिया। गुजरात ने जरूरी रन 18. 4 ओवर में केवल 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। गिल ने 53 गेंद में 104 रन की विस्फोटक पारी खेली जबकि साई सुदर्शन 32 गेंद में 58 रन की पारी खेलकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिटविकेट हुए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 160 रन की साझेदारी की जो प्लेऑफ में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

5 सीजन में तीसरी बार फाइनल

गुजरात टाइटंस की टीम तीसरी बार आईपीएल का फाइनल खेलेगी। 5 सीजन में गुजरात का यह तीसरा फाइनल है। गुजरात ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में 2022 और 2023 में आईपीएल फाइनल खेला था। 2023 में उसे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

31 मई को होगा फाइनल मुकाबला

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पहला मौका होगा जब आईपीएल फाइनल में दोनों टीम भिड़ेगी। दोनों टीम इस सीजन चौथी बार एक दूसरे से भिड़ेगी। अब तक खेले गए 3 मुकाबलों में दो बार आरसीबी ने जबकि एक बार गुजरात ने बाजी मारी है। दोनों टीम आखिरी बार क्वालीफायर-1 में टकराई थी, जहां आरसीबी ने 92 रन से मुकाबला अपने नाम किया था।

दूसरे कप्तान बने शुभमन गिल

गुजरात को आईपीएल फाइनल में पहुंचाने वाले शुभमन गिल दूसरे कप्तान बन गए हैं। इससे पहले गुजरात ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में 2022 और 2023 में आईपीएल फाइनल खेला था। 2022 में उसने राजस्थान रॉयल्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी उठाई थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article