Kagiso Rabada on Vaibhav Sooryavanshi: दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से काफी प्रभावित हैं। रबाडा का मानना है कि IPL में वैभव के शानदार प्रदर्शन की वजह उनकी तेज बल्लेबाजी और गेंद की लेंथ को जल्दी समझने की काबिलियत है। वैभव ने प्लेऑफ में दो बड़ी पारियां खेलीं। उन्होंने एलिमिनेटर में 97 और दूसरे क्वालीफायर में 96 रन बनाए। हालांकि शुक्रवार को उनकी 96 रन की पारी के बाद भी राजस्थान रॉयल्स फाइनल में नहीं पहुंच सकी। टीम को दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस से 7 विकेट से हार मिली।
सबको हैरान कर रहे हैं वैभव
गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे रबाडा ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "वैभव सबको हैरान कर रहे हैं। उनके हाथ बहुत तेज चलते हैं और वो तुरंत समझ जाते हैं कि गेंद कहां गिरेगी। उनमें गजब की एनर्जी है।" रबाडा ने आगे कहा, "युवा खिलाड़ियों में जोश और बेफिक्री होती है। वैभव में वही दिख रहा है। वो नेचुरल तरीके से खेलते हैं, इसलिए इतना अच्छा कर पा रहे हैं।" रबाडा ने साफ कहा कि इस लेवल पर उम्र कोई मायने नहीं रखती। "वैभव जो कर रहे हैं वो कमाल है।" रबाडा ने उस मैच में 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट भी लिए। उन्होंने माना कि उनकी टीम के गेंदबाजों ने कुछ जगह लाइन-लेंथ ठीक नहीं रखी। रबाडा बोले, "हम जल्दी विकेट लेना चाहते थे। 2 विकेट मिले भी, लेकिन हमने बहुत सारी शॉर्ट गेंदें फेंकी। शुरुआत में ज्यादा सटीक रहना चाहिए था।"
रबाडा ने की सिराज की भी तारीफ
रबाडा ने अपने साथी गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "सिराज के साथ गेंदबाजी करना अच्छा लगता है। जब वो एक छोर से दबाव बनाते हैं, तो दूसरे छोर पर विकेट मिलने के चांस बढ़ जाते हैं। सिराज में हिम्मत और स्किल दोनों हैं।" वहीं पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने शुभमन गिल की 104 रन की पारी को 'बेदाग' बताया। गिल ने सिर्फ 53 गेंदों में 104 रन बनाए थे। कुंबले बोले, "गिल का फोकस जबरदस्त था। उन्होंने जडेजा के खिलाफ फुटवर्क का शानदार इस्तेमाल किया और आक्रामक तरीके से रन बनाए।" पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा कंसिस्टेंट रही हैं। दोनों ने लीग स्टेज 18-18 पॉइंट्स के साथ खत्म किया था।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
