LSG vs GT: जीत के रथ पर सवार गुजरात टाइटंस (GT) को लखनऊ सुपर जायंट्स के अहम मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। दरअसल एक ऐसे खिलाड़ी जिसकी गिनती दुनिया के सबसे फिट खिलाड़ियों में से होती है, चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ के खिलाफ मुकाबले से पहले कीवी खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने टीम छोड़ दी है। हालांकि, फिलिप्स इस सीज़न में गुजरात के लिए कोई मैच नहीं खेला, लेकिन SRH के खिलाफ़ मैच में वह बतौर सब्सीट्यूट मैदान में उतरे थे। फील्डिंग के दौरान उन्हें चोट लग गई थी और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था।
बीसीसीआई जल्द ही फिलिप्स के बाहर होने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। फिलिप्स ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान न्यूजीलैंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उनके प्रदर्शन के दम पर कीवी टीम फाइनल तक पहुंची थी। उन्हें मेगा ऑक्शन में जीटी ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जोकि उनका बेस प्राइस था।
जीत के रथ पर सवार है गुजरात टाइटंस
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस की टीम गजब फॉर्म में हैं। 5 में से 4 मुकाबला जीतकर टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। पंजाब किंग्स (PBKS) से पहला मुकाबला हारने के बाद, GT ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार मैच जीते। पिछले साल टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था, जहां वे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहे थे। हालांकि, इस साल टीम में कई नए खिलड़ियों की एंट्री हुई है और सब अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। साई सुदर्शन और साई किशोर ने बैटिंग और बॉलिंग में टीम को अपने कंधों पर उठा रखा है। हालांकि, राशिद खान जैसे सीनियर खिलाड़ी अब भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
