क्रिकेट

ग्‍लेन फिलिप्‍स ने अकेले ही उड़ाई श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां, जड़ा T20I करियर का दूसरा शतक

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 29, 2022, 04:21 PM IST

Glenn Phillips century vs Sri Lanka: न्‍यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर बल्‍लेबाज ग्‍लेन फिलिप्‍स ने टी20 वर्ल्‍ड कप के सुपर-12 राउंड में श्रीलंका के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक जमाया। फिलिप्‍स ने केवल 64 गेंदों में 10 चौके और एक छक्‍के की मदद से 104 रन बनाए। न्‍यूजीलैंड ने फिलिप्‍स के शतक की मदद से सम्‍मानजनक स्‍कोर बनाया।

Image

ग्‍लेन फिलिप्‍स

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • ग्‍लेन फिलिप्‍स ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्‍ड कप में शतक जमाया
  • ग्‍लेन फिलिप्‍स टी20 वर्ल्‍ड कप में शतक जमाने वाले दूसरे कीवी बल्‍लेबाज बने
  • ग्‍लेन फिलिप्‍स ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक जमाया

सिडनी: न्‍यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर बल्‍लेबाज ग्‍लेन फिलिप्‍स ने शनिवार को टी20 वर्ल्‍ड कप के सुपर-12 राउंड में श्रीलंका के खिलाफ शानदार शतक जमाया। फिलिप्‍स ने अकेले ही श्रीलंकाई गेंदबाजों की धुनाई करते हुए अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक जमाया। उन्‍होंने 64 गेंदों में 10 चौके और एक छक्‍के की मदद से 104 रन बनाए।

ग्‍लेन फिलिप्‍स ने श्रीलंका के खिलाफ शतक जमाकर कई उपलब्धियां हासिल की। ग्‍लेन फिलिप्‍स टी20 वर्ल्‍ड कप इतिहास में शतक जमाने वाले न्‍यूजीलैंड के दूसरे बल्‍लेबाज बन गए है। यह रिकॉर्ड ब्रेंडन मैकुलम के नाम दर्ज है, जिन्‍होंने 2012 में बांग्‍लादेश के खिलाफ शतक जमाया था। तब कैंडी में ब्रेंडन मैकुलम ने 58 गेंदों में 123 रन की पारी खेली थी।

इसके अलावा ग्‍लेन फिलिप्‍स टी20 वर्ल्‍ड कप में शतक जमाने वाले पहले ऐसे बल्‍लेबाज बन गए हैं, जिन्‍होंने चौथे नंबर या नीचे आकर शतक जमाया है। इससे पहले टॉप-3 बल्‍लेबाजों में से किसी एक ने ही टी20 वर्ल्‍ड कप में शतक जमाया था। बता दें कि जब फिलिप्‍स क्रीज पर आए, तब कीवी टीम 15 रन पर अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से फिलिप्‍स ने डैरिल मिचेल (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करके टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया।

मिचेल के आउट होने के बाद भी फिलिप्‍स का बल्‍ला नहीं रूका। उन्‍होंने एक छोर पर खड़े रहकर श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबदबा बनाया और अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा सैकड़ा पूरा किया। फिलप्‍स की पारी की मदद से न्‍यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन बनाए। बता दें कि ग्‍लेन फिलिप्‍स मौजूदा टी20 वर्ल्‍ड कप में शतक जमाने वाले दूसरे बल्‍लेबाज बन गए हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के राइली रोसोयू ने बांग्‍लादेश के खिलाफ शतक जमाया था। प्रोटियाज टीम ने वो मैच 104 रन के विशाल अंतर से जीता था।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article