नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल का आतिशी रूप नीदरलैंड के खिलाफ बुधवार को दिखाई दिया। मैक्सवेल ने उनके खिलाफ महज 40 गेंद में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। मैक्सवेल ने 40 गेंद में शानदार छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया। उन्होंने विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने के मामले में दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम को पीछे छोड़ा। मार्करम ने मौजूदा विश्व कप में 49 गेंद में श्रीलंका के खिलाफ शतक पूरा करके 12 साल पूरा आयरलैंड के केविन ओ'ब्रायन का विश्व कप रिकॉर्ड तोड़ा था। जिन्होंने 50 गेंद में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ा था।
ग्लैन मैक्सवेल
साल 2015 में 51 गेंद में जड़ा था शतक
मैक्सवेल ने मार्करम को 9 गेंद के अंतर से रिकॉर्ड अपने नाम किया। मैक्सवेल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 8 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के जड़े। मैक्सवेल इससे पहले विश्व कप में 51 गेंद में शतक साल 2015 में श्रीलंका के खिलाफ जड़ चुके थे। वो पहले ही विश्व कप इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों में तीसरे पायदान पर थे लेकिन अब वो 40 गेंद में शतक जड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
मैक्सवेल पारी के 50वें ओवर में 106 रन बनाकर बाउंड्री पर शानदार तरीके से लपके गए। उनकी आतिशी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया नीदरलैंड के खिलाफ 50 ओवर में 8 विकेट पर 399 रन का स्कोर खड़ा किया।
जड़ा वनडे इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक
वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज है। एबी डिविलियर्स ने साल 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंद में शतक जड़ा था। उसके बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन हैं जिन्होंने 36 गेंद में वनडे शतक जड़ने का कारनामा किया था। वहीं पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने 37 गेंद में शतक पूरा किया था। इस सूची में मैक्सवेल 40 गेंद में शतक जड़कर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।
