नई दिल्ली। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने आईपीएल (Indian Premier League) के सर्वश्रेष्ठ कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और चेन्नई सुपर किंग्स के एमएस धोनी पर तरजीह दी, क्योंकि पिछले 15 सालों में मुंबई की फ्रेंचाइजी ने पांच ट्रॉफियां जीती हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभी तक चार आईपीएल ट्रॉफियां जीत पाई हैं, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम पांच ट्रॉफी जीतकर सबसे सफल टीम है।
सहवाग ने आईपीएल के 15 साल के जश्न के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘नंबर आपको सबकुछ बयां कर देते हैं। देखिए एमएस धोनी को भारतीय टीम की कप्तानी का अनुभव था और फिर वह चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान बने। रोहित शर्मा का कप्तानी का पहला अनुभव मुंबई इंडियंस के साथ था और वहीं से उनकी सफलता की यात्रा शुरू हुई। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए वह (रोहित) श्रेय दिए जाने का ज्यादा हकदार है। ऐसा सौरव गांगुली की तरह ही है, वह भारतीय टीम के कप्तान बने और उन्होंने नई और अलग चीजें आजमाईं। उनकी कप्तानी में भारत नंबर एक वनडे टीम बना। इसलिए मेरी पसंद रोहित शर्मा हैं। ’’
हालांकि पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने धोनी को आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान करार दिया। हरभजन ने कहा, ‘‘मैं अपना वोट धोनी को दूंगा, क्योंकि पहले ही साल से वह एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेले। उन्होंने फ्रेंचाइजी को सफल बनाने में बड़ी भूमिका अदा की। जिस तरह से उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी उठाई और वह अद्भुत है। अन्य कप्तानों ने भी अच्छा किया है और टूर्नामेंट जीते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि कुल मिलाकर मेरा वोट धोनी को जाएगा।’’
