जयपुर: मौजूदा दौर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर्स में शुमार इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट आईपीएल डेब्यू करने जा रहे हैं। रूट जब इंग्लैंड की टी20 टीम का हिस्सा थे उस दौर में भी उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला था। ऐसे में 32 वर्षीय रूट इस बार राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल की चकाचौंध से रूबरू होने जा रहे हैं। ऐसे में वो लीग में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।
कुछ नया करने की करेंगे कोशिश
सीजन के आगाज से पहले राजस्थान से जुड़ने के बाद जो रूट ने कहा है कि वह 31 मार्च से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे और गेंदबाजों के खिलाफ कुछ नया करने की कोशिश करेंगे। रूट ने टीम की प्रेस रिलीज में कहा, 'मैं प्रयास करूंगा कि अधिक से अधिक खुद को जाहिर कर पाऊं और गेंदबाजों के खिलाफ कुछ नया करने का प्रयास करूंगा। मुझे यकीन है कि मैं इसका लुत्फ उठाऊंगा और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करूंगा।'
जो रूट ने अभ्यास सत्र से पहले अपनी नई टीम के बारे में बात करते हुए कहा, ऐसा लगता है कि सभी लोग चीजों को लेकर ऐसा माहौल तैयार करना चाहते हैं जैसे यह सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन से कुछ अधिक है। उन्होंने कहा कि वे नीलामी में मुझे अपने साथ जोड़कर काफी खुश हैं।'
इतनी राशि में हुए थे नीलाम
जो रूट आईपीएल 2023 के लिए पिछले साल हुई नीलामी में 1 करोड़ रुपये में नीलाम हुए थे। 1 करोड़ रुपये ही उनका बेस प्राइज था। नीलामी के पहले दौर में किसी टीम ने उन्हें अपने दल में शामिल करने में रुचि नहीं दिखाई थी लेकिन अंत में राजस्थान ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।
ऐसा रहा है रूट का टी20 करियर
जो रूट ने करियर में अबतक खेले 88 टी20 मैच की 80 पारियों में 16 बार नाबाद रहते हुए 32.54 के औसत और 126.70 के स्ट्राइक रेट से 2,083 रन बनाए हैं। जिसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 92 रहा है।
