क्रिकेट

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने हरियाणा के CM नायब सैनी से मुलाकात की, क्रिकेट भी खेला- VIDEO

Michael Clarke Meets Haryana CM Nayab Singh Saini: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क न्यू चंडीगढ़ में भारत-अफगानिस्तान मैच में कमेंट्री करने पहुंचे थे। मैच के बाद उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनके निवास पर मुलाकात की और क्रिकेट भी खेला।

Image

माइकल क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की (X/CMOHaryana)

भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क भी कमेंट्री करने पहुंचे थे। मैच में भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे दिन ही शिकस्त दे दी, जिसके बाद सोमवार रात माइकल क्लार्क हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करने उनके आधिकारिक निवास पहुंचे। यहां पूर्व क्रिकेटर और मुख्यमंत्री के बीच ना सिर्फ बातचीत हुई बल्कि रात में क्रिकेट भी खेला गया। माइकल क्लार्क ने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 2015 वनडे विश्व कप भी जिताया था और उसी के बाद क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला लिया था।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच खत्म होने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात के बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी भी नहीं थी। दोनों के बीच क्रिकेट पर काफी चर्चा हुई, जिस दौरान क्लार्क ने हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की तारीफ की और उम्मीद जताई कि ये राज्य एक दिन दुनिया को बहुत बड़ा क्रिकेटर देगा।

बताया जा रहा है कि माइकल क्लार्क ने हरियाणा में क्रिकेट अकादमी खोलने की इच्छा भी जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वो हरियाणा में कुछ अच्छे क्रिकेटर ला सकते हैं। क्लार्क ने हरियाणा में कुछ समय और बिताने की बात भी कही है। वो हरियाणा की खेल परंपरा से काफी प्रभावित दिखे। गौरतलब है कि ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स तक, मुक्केबाजी से लेकर पहलवानी तक, हरियाणा ने भारत को सालों से कई ऐसी प्रतिभाएं दी हैं जिन्होंने विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।

बातचीत के साथ-साथ इस मुलाकात के बीच क्रिकेट भी खेला गया। वहां एक पेड़ को विकेट बनाया गया और क्लार्क-सैनी दोनों गेंद और बल्ला लेकर उतर पड़े। बल्लेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने माइकल क्लार्क की गेंदों पर कुछ छक्के भी जड़े। इसके बाद माइकल क्लार्क ने कुछ बल्लों पर ऑटोग्राफ करके उन्हें भेंट भी किया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article