इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। यह इस लीग का 16वां सीजन है और अब तक रॉयल बैंगलोर की टीम एक भी खिताब नहीं जीत पाई है। आरसीबी ने 2016 में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन ट्रॉफी जीतने से वह अब भी दूर है। नए सीजन में एक बार फिर से यह टीम चैंपियन बनने के लिए मैदान में उतरेंगे।
2 अप्रैल को करेगी आगाज
आरसीबी की बात करें तो यह टीम इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। यह मैच आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी, जबकि आरसीबी अपना आखिरी लीग मैच 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी। 16वें सीजन की बात करें तो विराट कोहली सहित इन खिलाड़ियों पर आरसीबी को पहली ट्रॉफी दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
विराट कोहली-विराट कोहली एशिया कप के बाद से शानदार फॉर्म में हैं। वह लंबे इंतजार के बाद तीनों फॉर्मेट में अपने शतकों का सूखा खत्म कर चुके हैं। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 186 रन की पारी खेली है। आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले विराट के कंधों पर अपनी टीम को एक बार चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी होगी।
फाफ डुप्लेसिस- फाफ डुप्लेसिस ने एक साल पहले इस टीम की कमान संभाली है। पिछले सीजन में उन्होंने 31.20 की औसत से 468 रन बनाए थे और उनका सर्वाधिक स्कोर 96 रन था।
रजत पाटीदार- पाटीदार के शुरुआती कुछ मैचों में खेलने की संभावना पर भले ही संदेह हो लेकिन उन्होंने पिछले सीजन में अपनी दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। पाटीदार ने पिछले सीजन खेले गए 8 मैच में 55.50 की औसत से 333 रन बनाए थे।
वानिंदु हसरंगा- गेंदबाजी की बात करें तो श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज वानिंदु हसरंगा इस टीम की जान हैं। उन्होंने पिछले सीजन मे भी 16 मैच में 26 विकेट लिए थे।
रीस टॉप्ली- पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनने वाले इंग्लैंड के गेंदबाज रीस टॉप्ली आरसीबी के लिए छुपा रुस्तम साबित हो सकते हैं। टॉप्ली ने 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 22 विकेट झटके हैं।
