क्रिकेट

Fastest Balls In IPL: आईपीएल इतिहास की 5 सबसे तेज गेंदें, इन गेंदबाजों ने किया कमाल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 8, 2023, 05:37 PM IST

Fastest Deliveries In IPL History: आईपीएल 2024 को लेकर अब धीरे-धीरे माहौल बनने लगा है। आगामी 19 दिसंबर को आईपीएल 2024 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होनी है जिसको लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बार की नीलामी में भी गेंदबाजों का काफी दबदबा रहने वाला है। आइए जानते हैं आईपीएल इतिहास की 5 सबसे तेज गेंदें कौन सी रही हैं। कौन हैं वो गेंदबाज जिन्होंने इसको अंजाम दिया था।

Image

उमरान मलिक (BCCI/IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल इतिहास के 5 सबसे तेज गेंदबाज
  • इंडियन प्रीमियर लीग की 5 सबसे तेज गेंदें
  • शॉन टेट शीर्ष पर, सूची में भारत का सिर्फ एक गेंदबाज

Fastest Bowlers Of IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) हर साल नया रोमांच लेकर आता है और फैंस क्रिकेट की दीवानगी में डूब जाते हैं। एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है क्योंकि आईपीएल 2024 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी का दिन (19 दिसंबर) करीब है। ऐसे में आईपीएल फैंस नई व पुरानी चीजों पर लगातार चर्चा कर रहे हैं। आइए आज हम आपको बताते हैं कि आईपीएल इतिहास की 5 सबसे तेज गेंदें किन गेंदबाजों ने की थीं और क्या थी उन गेंदों की रफ्तार।

1. शॉन टेट (ऑस्ट्रेलिया)

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी तेज गेंदबाजी में कई ऐतिहासिक तेज रफ्तार गेंदें कर चुके हैं। जब आईपीएल की बारी आई तो उन्होंने आईपीएल 2011 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए एक मैच में 157.71 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद की थी जो इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे तेज गेंद के रूप में दर्ज है।

2. लॉकी फर्ग्यूसन (न्यूजीलैंड)

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन जब से क्रिकेट सर्किट में मशहूर हुए हैं उनकी गेंदों की रफ्तार चर्चा में रही हैं। फर्ग्यूसन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस टीम के लिए खेलते हुए 157.3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से एक गेंद फेंकी थी।

3. उमरान मलिक (भारत)

भारतीय क्रिकेट से इस लिस्ट में सिर्फ एक नाम मौजूद है और वो हैं युवा गेंदबाज उमरान मलिक। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ते ही इस गेंदबाज ने अपनी रफ्तार से दिल जीतना शुरू कर दिए थे। उनके 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ऊपर की कई तेज गेंदें आईपीएल में दर्ज हैं लेकिन सबसे तेज गेंद रही 157 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से की गई बॉल जो उन्होंने आईपीएल 2022 में फेंकी थी।

4. एनरिच नॉर्किया (दक्षिण अफ्रीका)

साउथ अफ्रीका अपने शानदार तेज गेंदबाजों के लिए मशहूर रहा है और हाल के समय में उनके देश के सबसे तेज गेंदबाजों में एनरिच नॉर्किया शीर्ष पर हैं। नॉर्किया ने आईपीएल में भी अपनी रफ्तार का जलवा दिखाया है। वो इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं और उसकी वजह है आईपीएल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए फेंकी गई वो गेंद जिसकी रफ्तार 156.22 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

5. डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका)

इस लिस्ट में एक और दक्षिण अफ्रीकी नाम और ये हैं पूर्व दिग्गज पेसर डेल स्टेन जिन्होंने आईपीएल 2012 में डेक्कन चार्जर्स टीम के लिए खेलते हुए अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज गेंद की थी। उस गेंद की रफ्तार थी 154.40 किलोमीटर प्रति घंटा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article