क्रिकेट

लक्ष्य रायचंदानी का दोहरा शतक गया बेकार, भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 टेस्ट हुआ ड्रॉ

भारत अंडर-19 और श्रीलंका अंडर-19 मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहे भारत के सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी, जिन्होंने पहली पारी में शानदार दोहरा शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

Image

भारत अंडर 19 बनाम श्रीलंका अंडर 19 मैच ड्रॉ (फोटो साभार- SL Cricket)

भारत अंडर-19 और श्रीलंका अंडर-19 के बीच बृहस्पतिवार को खेला गया पहला युवा टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहे भारत के सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी, जिन्होंने पहली पारी में शानदार दोहरा शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। लक्ष्य ने अपने कल के स्कोर 196 रन से आगे खेलना शुरू किया और 324 गेंदों पर 207 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 22 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने अपना शतक 148 गेंदों पर चौके के साथ पूरा किया था, जबकि दोहरा शतक 310 गेंदों में आया। हालांकि दोहरा शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह पवेलियन लौट गए।

भारत ने बनाया था रिकॉर्ड स्कोर

लक्ष्य का साथ दिया दूसरे ओपनर सागर विर्क ने। दोनों ने पहले विकेट के लिए 551 गेंदों पर 295 रन की विशाल साझेदारी की। यह यूथ टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। इन्होंने 1997 में इंग्लैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे के डगलस मरीलियर और मार्क वर्म्यूलन की 268 रन की साझेदारी का 29 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि यह जोड़ी गौतम गंभीर और विनायक माने के नाम दर्ज 391 रन के रिकॉर्ड से पीछे रह गई, जो उन्होंने 2001 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।विकेटकीपर बल्लेबाज मानव कृष्णा ने भी 153 गेंदों पर 100 रन की शतकीय पारी खेली। भारत ने पहली पारी में 576 रन बनाकर 152 रन की बढ़त हासिल की थी। इससे पहले श्रीलंका अंडर-19 ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 424 रन बनाकर घोषित की थी।

दूसरी पारी में श्रीलंका ने गंवाए 6 विकेट

दूसरी पारी में श्रीलंका ने 6 विकेट पर 178 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। मैच में समय कम बचा था और नतीजे की कोई संभावना नहीं दिख रही थी, इसलिए अंपायरों ने मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया। लक्ष्य रायचंदानी का यह दोहरा शतक भले ही टीम को जीत न दिला पाया हो, लेकिन उन्होंने अपनी तकनीक और धैर्य से सभी का ध्यान खींचा। सागर विर्क के 134 रन भी काबिल-ए-तारीफ रहे। दोनों युवाओं ने दिखा दिया कि भारतीय अंडर-19 टीम की बेंच स्ट्रेंथ कितनी मजबूत है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article