क्रिकेट

EXPLAINER: घर में भी मेहमान क्यों होगी टीम इंडिया, अफगानिस्तान होगा मेजबान, किसको मिलेगी टिकट की कमाई

Why Team India Is Not The Host In IND vs AFG T20 Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच जल्द होने वाली तीन टी20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आयोजन दिल्ली में होगा। हालांकि, इसके बावजूद भारतीय टीम मेहमान होगी और अफगानिस्तान होगी मेजबान, ऐसा क्यों? और ऐसी स्थिति में क्या कुछ बदलेगा, किसे मिलेगी टिकटों से होने वाली कमाई। सब कुछ यहां जानिए।

Image

भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज में घर पर मेहमान क्यों होगी टीम इंडिया? (AI Generated Image)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज 2026
  • घर में भी मेहमान क्यों होगी टीम इंडिया
  • टिकटों से होने वाली कमाई किसके खाते में जाएगी?

IND vs AFG T20 Series: श्रीलंका दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की अगली सीरीज तय हो चुकी है। टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी है। तीनों मैच भारतीय राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। ये मैच दोनों टीमों के आइची-नागोया में 2026 एशियन गेम्स खेलने के लिए जापान रवाना होने से ठीक पहले होंगे। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने 2023 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला किया था। अब यहां एक अनोखी स्थिति बन गई है, क्योंकि बेशक ये सीरीज भारत में हो रही है, लेकिन फिर भी मेजबान देश भारत नहीं, बल्कि अफगानिस्तान होगा।

भारतीय क्रिकेट टीम अपने ही देश में खेलते हुए भी 'अवे टीम' (मेहमान टीम) के तौर पर खेलेगी। वहीं, मैच भारत में होने के बावजूद अफगानिस्तान मेजबान होगा और इस सीरीज का मेजबान देश होगा। आखिर ऐसा क्यों हुआ है और इसके होने से क्या बदलाव होंगे या फिर क्या फर्क पड़ेगा। आइए सब कुछ जानते हैं।

घर में टीम इंडिया होगी मेहमान, क्या फर्क पड़ेगा?

इस भारत-अफगानिस्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दौरान दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम भारतीय फैंस से भरा होगा क्योंकि मैच भारतीय जमीन पर हो रहा है, लेकिन 'होम टीम' और 'अवे टीम' होने का असर मुख्य रूप से प्रशासनिक मामलों पर पड़ेगा। हालांकि, यह ध्यान देने वाली बात है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में अफगान शरणार्थी रहते हैं, जो लाजपत नगर इलाके के आसपास रहते हैं, जिसे 'मिनी काबुल' भी कहा जाता है।

किसको मिलेगी टिकट से होने वाली कमाई?

अब ऐसे में सवाल ये भी होगा कि आखिर टिकटों से होने वाली कमाई किसके खाते में जाएगी, क्योंकि आमतौर पर मेजबान देश ही टिकटों की कमाई अपने पास रखता है। जवाब ये है कि, मेजबान होने के नाते टिकटों से होने वाली कमाई अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) को मिलेगी और BCCI को इसमें से कोई हिस्सा नहीं मिलेगा। साथ ही, मैचों का प्रसारण ACB के मीडिया राइट्स पार्टनर करेंगे, ना कि वे जिनके पास BCCI के अधिकार हैं और जो आम तौर पर भारतीय क्रिकेट टीम के घरेलू मैच दिखाते हैं। इसी तरह, अफगानिस्तान में खेल की गवर्निंग बॉडी सीरीज के सभी प्रायोजकों (जिनमें टाइटल स्पॉन्सर भी शामिल हैं) से पैसे कमाएगी।

अफगानिस्तानी टीम का एक और घर

गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अपने देश में घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलता है। इसलिए, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संयुक्त अरब अमीरात को अपना मुख्य घरेलू बेस बनाया है और साथ ही भारत में भी कुछ घरेलू मैच खेले हैं। इससे पहले, उन्होंने ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम और देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दूसरी टीमों की मेजबानी की है।

गणेश चतुर्थी की वजह से तारीखों को लेकर असमंजस बरकरार

सीरीज के पहले-दूसरे मैच की तारीख में बदलाव हो सकता है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मानें तो उन्होंने बीसीसीआई के सामने पेशकश रखी है कि पहले या दूसरे मुकाबले को 14 सितंबर में शिफ्ट किया जाए, जिससे इस सीरीज को फेस्टिवल टच दिया जा सके। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला आना बाकी है। 14 सितंबर को देश भर में गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाना है।

बांग्लादेश की टीम को लगा है सबसे करारा झटका

अफगानिस्तान क्रिकेट द्वारा जारी किए गए तारीखों के बाद टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे की संभावना भी अब पूरी तरह से खत्म हो गई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 1 से 13 सितंबर के बीच 6 व्हाइट बॉल मैच के लिए वि़ंडो खाली रखा है, जबकि अफगानिस्तान ने जो तारीख बताई है, उसके अनुसार पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाना है, जिससे साबित होता है कि अब बांग्लादेश का दौरा मुश्किल है। इस दौरे को लेकर दोनों देशों के बीच काफी प्रयास किए गए थे।

अफगानिस्तान के खिलाफ चुनौती आसान नहीं होगी

वैसे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए पिछले कुछ महीनें खास नहीं रहे हैं, ऊपर से अफगानिस्तान की टीम इस समय लय में नजर आ रही है। अफगानिस्तान ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करके शानदार जीत दर्ज की है। उसी आयरलैंड के खिलाफ जिससे कुछ ही महीने पहले भारतीय टी20 टीम सीरीज हारकर लौटी थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article