क्रिकेट

ENG vs IND: 76 पर ऑल आउट, 125 रन से मिली मात; वर्ल्ड चैंपियन टीम के हुए बुरे हाल

इंग्लैंड ने भारत को तीसरे टी20I मैच में करारी शिकस्त दी। नॉर्टिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 201 रन लगाए। इसके जवाब में टीम इंडिया की पारी मजह 76 रन पर सिमट गई। भारत को 125 रन से हार का सामना करना। इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है।

Image

भारत को तीसरे टी20 मैच में मिली मात। फोटो- X

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विश्व चैंपियन भारत के साथ जो कभी नहीं हुआ था, वो 7 जुलाई को हो गया। तीसरे टी20 मैच में भारत को 125 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी हार है। वहीं, भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दूसरा सबसे छोटा स्कोर बनाया।

नॉर्टिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन बनाए। इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम की पारी 11.4 ओवर में महज 76 रन पर सिमट गई। जोश टंग ने चार तो जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट चटकाए। भारत की तरफ से 13 रन सर्वोच्च स्कोर रहा, जो वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने बनाए।

भारत ने जीता टॉस

टॉस जीतकर श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। फिल सॉल्ट ने 70 रन की पारी खेली। वहीं, फॉर्म तलाश रहे जोस बटलर ने 36 रन का योगदान दिया। अंत में सैम करन ने नाबाद 41 रन खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और हर्षित राणा को दो-दो विकेट मिले।

टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहली बार पावरप्ले के अंदर अपने पांच विकेट गंवा दिए। महज चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जिसमें अभिषेक शर्मा (10), वैभव सूर्यवंशी (13), ईशान किशन (13) और अक्षर पटेल (10) शामिल हैं। भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दूसरा सबसे छोटा स्कोर बनाया।

टी20I में भारत के छोटे स्कोर-

74 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2008

76 बनाम इंग्लैंड, ट्रेंट ब्रिज, 2026

79 बनाम न्यूजीलैंड, नागपुर, 2016

92 बनाम दक्षिण अफ्रीका, कटक, 2015

101 बनाम श्रीलंका, पुणे, 2016;

102 बनाम जिम्बाब्वे, हरारे, 2024

श्रेयस के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

श्रेयस अय्यर ने रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी हार का बेवजह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसके अलावा भारतीय टीम पहली बार पांच मैच में से एक भी मैच नहीं जीत पाई है। पिछली बार साल 2009 में धोनी की कप्तानी टीम इंडिया को लगातार चार मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

टी20 मैचों में भारत के लिए सबसे लंबे समय तक बिना जीत के रहने का सिलसिला-

5* - जून 2026 - जुलाई 2026 (4 हार, 1 NR)

4 - जून 2009 - दिसंबर 2009 (4 हार)

4 - जुलाई 2021 - अक्टूबर 2021 (4 हार)

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की सबसे बड़ी हार का अंतर (रनों के आधार पर)

125 रनों से बनाम इंग्लैंड, ट्रेंट ब्रिज, 2026

80 रनों से बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन, 2019

76 रनों से बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद, 2026

51 रनों से बनाम दक्षिण अफ्रीका, मुल्लांपुर, 2025

50 रनों से बनाम न्यूजीलैंड, विशाखापत्तनम, 2026

क्या से क्या हो गया देखते-देखते

भारतीय टीम के लिए यह एक यादगार मैच था, बस फर्क इतना था कि यह ऐसे समय आया है जब टीम ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद से एक भी मैच नहीं जीता है। वहीं, श्रेयस अय्यर की कप्तानी का आगाज जैसा सोचा था वैसा नहीं हुआ है।

Umesh Kumar
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article