क्रिकेट

IND vs ENG Match Timing: अचानक बदला गया भारत-इंग्लैड टी20 मैच का समय, जान लें कारण

IND vs ENG Match Timing: भारत-इंग्लैंड टी20 मैच का समय बदल गया है। भारतीय फैंस को ध्यान में रखकर यह फैसला किया गया है। अब मैच एक घंटा जल्दी शुरू होगा। रिपोर्ट के अनुसार भारत इस दौरे पर तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेगा जिसके सभी टिकट बिक चुके हैं।

Image

भारत-इंग्लैंड (साभार-x)

IND vs ENG Match Timing: इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने भारत के खिलाफ होने वाले आगामी पांच टी20 मैच के समय में बदलाव किया है। यह बदलाव भारतीय फैंस को ध्यान में रखकर किया गया। अब ये सभी मुकाबले एक घंटा पहले शुरू होंगे, जिसका मतलब है कि अब भारत-इंग्लैंड टी20 मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होंगे जिससे कि भारत में अधिक से अधिक लोग टेलीविजन पर इन्हें देख सकें। 5 मैच की यह सीरीज 1 जुलाई से 11 जुलाई के बीच खेली जाएगी। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक विश्व कप जीतने वाली इन दो टीम के बीच होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पहले भारतीय समयानुसार रात 11 (स्थानीय समय शाम साढ़े छह बजे) शुरू होने वाले थे लेकिन प्रसारणकर्ताओं के साथ बातचीत के बाद इनका समय एक घंटा पहले कर दिया गया है।

खबर में कहा गया है, ’’इंग्लैंड में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के शुरू होने का समय ईसीबी, आयोजन स्थल, विरोधी बोर्ड और घरेलू व विदेशी प्रसारणकर्ताओं- इस मामले में स्काई स्पोर्ट्स (ब्रिटेन) और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (भारत)- के बीच बातचीत के बाद तय किया जाता है।’’इसमें आगे कहा गया, ’’शाम साढ़े छह बजे (जो हाल के सत्र में आम हो गया था) से समय में बदलाव यह दिखाता है कि इंग्लैंड क्रिकेट लुभावनी श्रृंखलाओं (वे श्रृंखलाएं जिनमें भारत खेलता है) पर कितना निर्भर है। ईसीबी की हाल ही में जारी वित्तीय रिपोर्ट में यह बात साफ हो गई थी।’’

रिपोर्ट के अनुसार भारत इस दौरे पर तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेगा जिसके सभी टिकट बिक चुके हैं। यह देखना होगा कि पैर की मांसपेशियों की चोट से जूझ रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस दौरे के लिए समय पर फिट हो पाते हैं या नहीं। बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह इंग्लैंड एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का ऐलान अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली 50 ओवर की श्रृंखला के आखिर में करेगा। कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेलेंगे।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन , शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article