क्रिकेट

इस मैदान पर टी20 में 300 रन बना चुका है इंग्लैंड, भारतीय गेंदबाजों को रहना होगा सावधान

इंग्लैंड जब आखिरी बार इस फॉर्मेट में मैनचेस्टर में उतरी थी तो दुनिया ने जोस बटलर और फिल सॉल्ट की आंधी देखी थी। नतीजा इंग्लैंड टीम ने टी20 में 304 रन का स्कोर खड़ा किया था और इस मुकाबले को 146 रन से अपने नाम किया था।

Image

भारत और इंग्लैंड (साभार-X)

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला ओल्ड ट्रैफर्ड मैनचेस्टर में खेला जाएगा। पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था जिसमें भारत ने अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से सात विकेट पर 189 रन बनाये थे। हालांकि, इस मुकाबले में इंग्लैंड को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था, लेकिन इस मैदान पर आखिरी बार जब इंग्लैंड की टीम उतरी थी तो उसने जो किया वह ऐतिहासिक था। भारतीय टीम खासकर गेंदबाजों को इससे सबक लेना चाहिए और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को इस तरह का कोई भी मौका नहीं देना चाहिए।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड की आंधी

जब आखिरी बार इंग्लैंड की टीम इस मैदान पर उतरी थी तो इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने ऐसी बल्लेबाजी की थी, जिसे देखकर खतरनाक से खतरनाक गेंदबाजी लाइनअप के भी होश उड़ जाएंगे। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 300 प्लस का स्कोर खड़ा किया था।

इंग्लैंड ने खड़ा किया 304 रन का पहाड़

इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फिल सॉल्ट के नाबाद 141 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 2 विकेट के नुकसान पर 304 रन बनाए थे। सॉल्ट ने अपनी पारी में 15 चौके और 8 छक्के जड़े थे। उनके अलावा जोस बटलर ने केवल 30 गेंद में 83 रन की तूफानी पारी खेली थी। बाद में कप्तान हैरी ब्रूक ने 21 गेंद में 41 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 304 रन तक पहुंचा दिया था।

146 रन से जीता था इंग्लैंड

304 रन का पहाड़ सा स्कोर बनाने के बाद इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 16.1 ओवर में 158 रन पर ढेर कर दिया था। इंग्लैंड ने यह मुकाबला 146 रन का बड़े अंतर से अपने नाम किया था। साउथ अफ्रीका के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए थे। जोफ्रा आर्चर ने इस मुकाबले में 3, सैम करन विल जैक्स और लियाम डॉसन ने 2-2 विकेट चटकाए थे। मजे की बात यह है कि ये सभी गेंदबाज दूसरे टी20 मुकाबले में भी इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को उनके बल्लेबाजों और बल्लेबाजों को उनके गेंदबाजों से सावधान रहने की दरकार है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो इंग्लैंड 5 मैच की टी20 सीरीज में बढ़त लेने में कामयाब हो जाएगी।

भारत और इंग्लैंड की टीम (IND vs ENG Team)

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।

इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद और जोश टंग।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article