England ODI Squad Against India: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज चल रही है। सीरीज का पहला टी20 मुकाबला बारिश की वजह से धुल चुका है। जबकि, दूसरे टी20 मुकाबले से एक दिन पहले इंग्लैंड ने अपनी वनडे सीरीज की टीम घोषित कर दी है। टी20 सीरीज के बाद इंग्लैंड की तीन मैचों की वनडे सीरीज की जंग शुरू होगी। दोनों टीमों के बीच 14 जुलाई से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इंग्लैंड ने आज यानि 3 जुलाई को 16 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है। जबकि, बीसीसीआई ने 21 जून को ही अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया था।
हैरी ब्रुक को मिली इंग्लैंड की कमान
इंग्लैंड टीम की कमान एक बार फिर 27 साल के हैरी ब्रूक के हाथों में होगी। ब्रूक को पिछले साल पहली बार सीमित ओवरों की कप्तानी सौंपी गई थी। टीम में सबसे बड़ा नाम ऑलराउंडर जेम्स कोल्स का है, जिन्हें पहली बार वनडे टीम में बुलाया गया है। ससेक्स के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले कोल्स बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं। तेज गेंदबाज जोश टंग के पास भी वनडे डेब्यू का मौका है। टंग ने अब तक 12 टेस्ट में 57 विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की है। उनके अलावा जोफ्रा आर्चर की वापसी इंग्लैंड के पेस अटैक को मजबूत करेगी। अनुभवी जो रूट, जोस बटलर, आदिल रशीद और सैम करन जैसे खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। लेग स्पिनर रेहान अहमद और विस्फोटक बल्लेबाज टॉम बैंटन पर भी नजरें रहेंगी।
विराट कोहली का खेलना फिटनेस पर करेगा निर्भर
दूसरी तरफ भारतीय टीम में विराट कोहली की मौजूदगी सबसे अहम है। हालांकि उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। जसप्रीत बुमराह वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद पहली बार वनडे फॉर्मेट में लौट रहे हैं। शुभमन गिल को कप्तानी मिली है और श्रेयस अय्यर उप-कप्तान होंगे। रोहित शर्मा, केएल राहुल, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह भी स्क्वॉड में हैं। नीतीश कुमार रेड्डी का चयन हुआ था, लेकिन अफगानिस्तान सीरीज में चोट के कारण वह बाहर हो गए हैं।
वनडे सीरीज का शेड्यूल:
पहला वनडे - 14 जुलाई, एजबेस्टन
दूसरा वनडे - 16 जुलाई, सोफिया गार्डन्स
तीसरा वनडे - 19 जुलाई, लॉर्ड्स
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टंग।
भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़।
