क्रिकेट

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को राहत, देर रात बाहर घूमने पर लगा कर्फ्यू हटाया गया

Midnight Curfew On England cricketers Removed: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिल गई है। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन नाइट क्लब विवाद के बाद खिलाड़ियों पर मध्यरात्रि बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा था, अब इस फैसले को वापस ले लिया गया है।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर लगा मध्यरात्रि कर्फ्यू हटाया गया

Photo : AP

हाल में इंग्लैंड क्रिकेट टीम अपने कुछ दिग्गजों के कारण जिन विवादों में फंसी और बाद में सजा के रूप में उन्हें नाइट कर्फ्यू की सजा झेलनी पड़ी, अब बोर्ड ने ये पाबंदी हटा ली है। जो रूट के कप्तान बनने के बाद इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों पर लगाया गया मध्यरात्रि का कर्फ्यू हटा दिया गया है। गौरतलब है कि, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरों के दौरान देर रात हुई विवादास्पद घटनाओं के बाद इंग्लैंड के प्रबंध निदेशक रॉब की ने खिलाड़ियों पर मध्यरात्रि के बाद बाहर घूमने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इस साल जून में न्यूजीलैंड के इंग्लैंड दौरे के दौरान मैच के बाद इस कर्फ्यू का उल्लंघन किया था, जिसके कारण उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने अचानक ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी जिसके बाद रूट को दूसरी बार कप्तान नियुक्त किया गया।

इंग्लैंड क्रिकेट के लिए नए युग की शुरुआत अगले सप्ताह पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के साथ होगी और रूट ने स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट पॉडकास्ट को बताया कि "कर्फ्यू नहीं लगने वाला है।"

उन्होंने कहा, "सच कहूं तो मुझे नहीं लगता कि इसे इतना बड़ा मुद्दा बनाने की जरूरत है। कर्फ्यू के बारे में मेरा विचार यह है कि मुझे नहीं लगता कि यह कारगर है। अगर आप चाहते हैं कि खिलाड़ी मैदान पर जिम्मेदारी लें, तो उन्हें मैदान के बाहर भी समझदार वयस्कों की तरह व्यवहार करने और अच्छे फैसले लेने में सक्षम होना चाहिए।"

रूट ने कहा, "यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम खुद पर नियंत्रण रखें। कई मायनों में यह मेरी और फ्लेम (टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग) की जिम्मेदारी है। लेकिन आखिरकार आप समझदार लोग हैं, आप जानते हैं कि इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए क्या जरूरी है, आप जानते हैं कि मैदान के बाहर आपकी क्या जिम्मेदारियां हैं और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि मैदान के बाहर हम किसी भी तरह के विवाद में नहीं फंसे।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article