
ENG vs NED Highlights: पांच हार के बाद जीता इंग्लैंड, चैम्पियंस ट्रॉफी क्वालीफिकेशन की रेस में बरकरार
England vs Netherlands Highlights (इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड्स विश्व कप मैच क्रिकेट स्कोर का सीधा प्रसारण): वनडे वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड ने पहली बार वर्ल्ड चैम्पियन वाला खेल दिखाया। टूर्नामेंट के 40वें मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स को 160 रन से हराया। टीम की यह मौजूदा वर्ल्ड कप में लगातार 5 हार के बाद पहली और ओवरऑल दूसरी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड को बांग्लादेश के खिलाफ जीत मिली थी। इसके अलावा इग्लैंड की टीम चैम्पियंस ट्रॉफी क्वालीफिकेशन की रेस में भी बनी हुई है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 339 रन बनाए और नीदरलैंड्स को 340 रन का लक्ष्य दिया। बेन स्टोक्स ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 78 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ कुल 108 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर का बल्ला शांत रहा। वे महज 5 रन पर आउट हो गए। वहीं, आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए क्रिस वॉक्स ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 45 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। नीदरलैंड्स के बास डी लीडे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 37.2 ओवर में 179 रन पर ऑलआउट हो गई। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तेजा निदामनुरु ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 34 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 41 रन की नाबाद पारी खेली। इंग्लैंड के मोइन अली और आदिल राशीद ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट चटकाए।