सुरेश रैना के बाद ईडी ने एक और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर से की पूछताछ, जानिए क्या है मामला

भारत के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज शिखर धवन से ईडी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में 8 घंटे तक पूछताछ की है। उनसे पहले इसी मामले में सुरेश रैना से भी पूछताछ की जा चुकी है।

नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन गुरुवार को एक कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उनसे लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की गई। वह मध्य दिल्ली स्थित निदेशालय के कार्यालय में सुबह 11 बजे पहुंचे और शाम 7 बजे के बाद वहां से निकले।

Shikhar Dhawan

शिखर धवन (फोटो क्रेडिट PTI)

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ने ‘वन एक्स बेट’ नामक एक अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी इस जांच के तहत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया। ऐसा माना जा रहा है कि 39 वर्षीय पूर्व भारतीय क्रिकेटर कुछ विज्ञापनों के ज़रिए इस ऐप से जुड़े हैं। ईडी पूछताछ के दौरान इस ऐप से उनके संबंधों को समझना चाहता है। एजेंसी अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े ऐसे कई मामलों की जांच कर रही है जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी कर चोरी का आरोप है।

End of Feed