क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी की 92 रनों की पारी गई बेकार, सेंट्रल जोन पर बढ़त लेने में नाकाम रहा ईस्ट जोन

Duleep Trophy Semifinal Day 2: बेंगलुरु में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन दोनों टीमों का स्कोर 266-266 से बराबर रहा। दिन की शुरुआत में सेंट्रल जोन 266 पर ऑलआउट हो गई थी। वहीं वैभव सूर्यवंशी की 92 रन की तूफानी पारी के बावजूद ईस्ट जोन पहली पारी में बढ़त नहीं ले पाया।

Image

दिलीप ट्रॉफी (फोटो साभार- BCCI Domestic)

Duleep Trophy Semifinal Day 2: युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, लेकिन उनकी 92 रन की तूफानी पारी के बावजूद ईस्ट जोन पहली पारी में बढ़त नहीं ले पाया। बेंगलुरु में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन दोनों टीमों का स्कोर 266-266 से बराबर रहा। दिन की शुरुआत में सेंट्रल जोन 266 पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में वैभव और अभिमन्यु ईश्वरन ने ईस्ट जोन को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 161 रन जोड़े। वैभव ने सिर्फ 42 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर दलीप ट्रॉफी इतिहास का सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 15 साल 157 दिन की उम्र में उन्होंने 1969 में लक्ष्मण सिंह के बनाए 16 साल के रिकॉर्ड को तोड़ा।

वैभव ने खेली तूफानी पारी

वैभव की 81 गेंदों में 118 मिनट तक चली 92 रन की पारी में धैर्य और आक्रामकता दोनों दिखे। शुरुआत में वह थोड़े असहज दिखे, लेकिन फिर उन्होंने खुलकर शॉट खेले। तेज गेंदबाज यश ठाकुर को मिडविकेट के ऊपर छक्का मारकर उन्होंने अपने इरादे जता दिए। उसी स्पेल में 4 चौके भी लगाए। सारांश जैन की गेंद पर जब वह 40 रन पर थे, तो यश राठौड़ ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका आसान कैच छोड़ दिया। वह तो पवेलियन की ओर चल भी दिए थे। जीवनदान के बाद वैभव ने जैन की गेंद पर छक्का मारकर अपना दूसरा फर्स्ट क्लास अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद हर्ष दुबे और आर्यन पांडे पर भी छक्के लगाए और 90 का आंकड़ा पार कर लिया। लेकिन शतक से 8 रन पहले वह चूक गए। हर्ष दुबे पर स्लॉग स्वीप करने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर अरशद खान को कैच दे बैठे। आउट होकर लौटते वक्त उनके चेहरे पर साफ निराशा थी।

हर्ष दुबे के सामने बिखरी ईस्ट जोन की पारी

वैभव के आउट होते ही ईस्ट जोन की पारी बिखर गई। हर्ष दुबे ने 66 रन देकर 4 विकेट लिए, यश ठाकुर और आर्यन पांडे ने 3-3 विकेट झटके। दुबे ने वैभव के बाद अगली ही गेंद पर कुमार कुशाग्र को आउट किया। फिर आर्यन पांडे ने अभिमन्यु ईश्वरन (69 रन) को LBW किया और 3 गेंदों में विराट सिंह (5) और सुदीप घरामी (25) को चलता किया। कप्तान ईशान किशन (16) और अनुकूल रॉय (16) भी कुछ खास नहीं कर सके। ईस्ट जोन ने 105 रन में 10 विकेट गंवा दिए, आखिरी 5 विकेट तो सिर्फ 53 रन में गिर गए। दिन खत्म होने तक सेंट्रल जोन ने दूसरी पारी में 3 विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। अमन मोखाड़े 23 और आर्यन पांडे 4 रन पर नाबाद हैं। मुकेश कुमार ने स्टंप्स से पहले कप्तान रजत पाटीदार को आउट कर सेंट्रल को झटका दिया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article