IPL 2024 Trend: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में 39 मुकाबलों का खेल समाप्त हो चुका है। इस सीजन में कई बड़े रिकॉर्ड बन रहे हैं और टूट भी रहे हैं। ये साल अब तक बल्लेबाजों के नाम रहा है और बड़े-बड़े स्कोर खड़े हुए हैं। आईपीएल के आधे सीजन में ही अब तक 8 शतक लग चुके हैं। इनमें से 4 सेंचुरी पहली पारी में आई है वहीं बाकि 4 शतक चेज करते हुए बनाए गए हैं। इन सभी शतकों में एक गजब का ट्रेंड देखने को मिला है जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
आईपीएल 2024 का ट्रेंड (फोटो- BCCI/IPL)
दरअसल मैच में जब टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करती है तो उसका लक्ष्य बड़ा स्कोर खड़ा करके विपक्षी टीम को प्रेशर में डालना होता है। इस स्कोर तक पहुंचने में किसी भी एक बल्लेबाज का शतक खास भूमिका निभाता है। जब कोई खिलाड़ी पहली पारी में शतक जड़ देता है तो उसे उम्मीद होती है कि टीम मैच जीत जाएगी। लेकिन आईपीएल 2024 में इसका उल्टा देखा गया है। आंकड़ों के मुताबिक अब तक आईपीएल 2024 में पहली पारी में अब तक चार खिलाड़ियों ने शतक जड़ा है। लेकिन इनमें से केवल एक ही खिलाड़ी को जीत नसीब हुई है। आइए जानते हैं कि किन खिलाड़ियों के निराशा हाथ लगी है।
विराट कोहली का शतक गया खराब
चेज मास्टर विराट कोहली ने आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 72 गेंदों पर 113 रन बनाए थे। उनकी पारी के बदौलत आरसीबी ने विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि दूसरी पारी में जोस बटलर ने शतक जड़ आरसीबी के जबड़े से जीत छीन ली।
सुनील नरेन के भी हाथ लगी निराशा
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार ऑलराउंडर सुनील नरेन ने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने करियर का पहला शतक जड़ा था। हालांकि एक बार फिर से जोस बटलर ने चेज करते हुए सेंचुरी जड़ी और सेंचुरी जड़कर भी नरेन हारने वाली टीम में रहे।
ऋतुराज गायकवाड़ को भी मिली हार
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। ये उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक था। हालांकि इस बार भी मार्कस स्टोइनिस की सेंचुरी के चलते सीएसके हार गई। ऐसे में रुतुराज का शतक भी खराब चला गया।
केवल ट्रेविस हेड हुए सफल
अब तक केवल सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर ट्रेविस हेड ही हैं जो कि आईपीएल 2024 की पहली पारी में शतक जड़ने के बाद भी विजयी टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 39 गेंदों पर शतक जड़ा था और टीम ने विशाल जीत दर्ज की थी।
