क्रिकेट

BCCI SGM: निर्विरोध बीसीसीआई के नए सचिव और कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया

बीसीसीआई की विशेष आम बैठक में देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया को निर्विरोध बोर्ड का नया सचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया।

Image

देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया

मुंबई: देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया को रविवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की विशेष आम बैठक (एसजीएम) में निर्विरोध सचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया। जय शाह और आशीष शेलार के त्यागपत्र देने के बाद यह दोनों पद रिक्त पड़े थे। सैकिया और भाटिया इन रिक्त पदों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण निर्विरोध चुने गए।

निर्विरोध हुआ दोनों का निर्वाचन

पिछले महीने आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद शाह को सचिव पद छोड़ना पड़ा था जबकि शेलार ने महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। सैकिया असम और भाटिया छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। शाह के एक दिसंबर को आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद सैकिया सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभा रहे थे। वह संयुक्त सचिव थे और अब यह पद रिक्त हो गया है।

जय शाह को किया गया सम्मानित

चुनाव अधिकारी एके जोती ने परिणाम घोषित करते हुए कहा,'पदाधिकारियों के दो पद सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ और इसलिए मतदान की जरूरत नहीं पड़ी।' शाह को बीसीसीआई ने शनिवार को सम्मानित किया था। उनका एसजीएम में भी स्वागत किया गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article