क्रिकेट

दिल्ली उच्च न्यायालय ने क्रिकेटर अभिषेक शर्मा के ‘पर्सनैलिटी राइट्स' की सुरक्षा की

Delhi High Court Safeguard personal rights of Abhishek Sharma: दिल्ली उच्च न्यायालय ने भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा के 'पर्सनैलिटी राइट्स' की सुरक्षा करते हुए तीसरे पक्ष को उनके नाम, तस्वीर आदि का बिना इजाजत किसी भी व्यावसायिक या निजी फायदे के लिए गलत इस्तेमाल करने से रोक दिया है।

Image

दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिषेक शर्मा के 'पर्सनैलिटी राइट्स' की सुरक्षा की (Instagram/AbhishekSharma_4)

दिल्ली उच्च न्यायालय ने भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा के 'पर्सनैलिटी राइट्स' की सुरक्षा करते हुए तीसरे पक्ष को उनके नाम, तस्वीर आदि का बिना इजाजत किसी भी व्यावसायिक या निजी फायदे के लिए गलत इस्तेमाल करने से रोक दिया है। इसमें कृत्रिम मेधा (AI) से बनी सामग्री को फैलाना और पोशाक बेचना भी शामिल है।

अभिषेक शर्मा की याचिका पर 9 जुलाई को दिए गए एक अंतरिम आदेश में न्यायमूर्ति ज्योति सिंह ने मेटा के मंचों और अन्य ऑनलाइन मंचों और ई-कॉमर्स विक्रेताओं को निर्देश दिया कि वे आपत्तिजनक सामग्री वाले लिंक हटा दें।

याचिका में कहा गया कि सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले कई लोग एआई का इस्तेमाल करके अभिषेक की नकली तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे जिनसे ना सिर्फ अफवाहें फैल रही थीं बल्कि उनकी व्यावसायिक कीमत और सम्मान को भी नुकसान पहुंच रहा था।

याचिका में यह भी बताया गया कि कुछ लोगों ने तस्वीरों से छेड़छाड़ की और अभद्र, अपमानजनक और असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया जबकि कुछ लोग बिना इजाजत क्रिकेटर के नाम, तस्वीर और शक्ल वाले कपड़े बेच रहे थे।

न्यायमूर्ति ज्योति ने कहा कि अभिषेक शर्मा भारतीय राष्ट्रीय टीम के एक प्रमुख खिलाड़ी हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक उभरते और प्रभावशाली व्यक्ति के तौर पर जाना जाता है। साथ ही संबंधित सामग्री ’झूठी और अश्लील’ थी और उन्हें गलत तरीके से पेश किया जा रहा था।

अभिषेक शर्मा हाल में इंग्लैंड में आयोजित विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के फाइनल को देखते नजर आए थे, जहां उनके साथ भारतीय टीम के सबसे युवा क्रिकेटर और हाल में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी साथ दिखे थे। दोनों की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरीं। इस दौरान अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ भी तस्वीरें शेयर की थीं। गौरतलब है कि अभिषेक और वैभव इंग्लैंड दौरे पर उस भारतीय टी20 टीम का हिस्सा थे जिसने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज गंवा दी।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article