क्रिकेट

Priyansh Arya: दिल्ली के हेड कोच सरनदीप सिंह ने की प्रियांश आर्य की जमकर तारीफ, बताया स्पेशल खिलाड़ी

दिल्ली क्रिकेट टीम के हेड कोच सरनदीप सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आतिशी शतक जड़ने वाले प्रियांश आर्य की जमकर तारीफ की है और उन्हें स्पेशल प्लेयर बताया है।

Image

प्रियांश आर्य (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • प्रियांश आर्य ने दिल्ली प्रीमियर लीग में मचाया था धमाल
  • आईपीएल में हुए 3.80 करोड़ रुपये में नीलाम
  • सीएसके के खिलाफ चौथे ही मैच में जड़ा 39 गेंद में शतक

नई दिल्ली: भारत के पूर्व स्पिनर और दिल्ली के कोच सरनदीप सिंह ने युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य को ‘इस समय देश के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक’ करार दिया और कहा कि उचित क्रिकेट शॉट के माध्यम से तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाती है। इक्कीस साल के प्रियांश ने मंगलवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में पंजाब किंग्स के लिए शानदार शतक लगाया।

3.80 करोड़ में पंजाब ने किया था टीम में शामिल

घरेलू सर्किट में प्रभावित करने के बाद नीलामी में तीन करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदे गए प्रियांश ने अपने चौथे आईपीएल मैच में ही 103 रन की तूफानी पारी खेली। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक चार मैच में 39.50 की औसत और 210.66 के स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए हैं। उनके 11 छक्कों ने उन्हें आईपीएल 2025 के शीर्ष ‘पावर हिटर’ में शामिल किया है।

हमें पता था प्रियांश में है कुछ खास

सरनदीप ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा,'कुछ महीने पहले मैंने उसे दिल्ली के स्थानीय मैचों में खेलते हुए देखा था। हमने उसे अपनी साउथ दिल्ली सुपरस्टार टीम के लिए डीपीएल (दिल्ली प्रीमियर लीग) में चुना। उसने शतक बनाया, एक ओवर में छह छक्के लगाए और टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाला खिलाड़ी बना। हमें पता था कि उसमें कुछ खास है।'

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए दिया मौका

दिल्ली प्रीमियर लीग में प्रियांश के बेहतरीन प्रदर्शन की वजह से उसे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम में चुना गया। शीर्ष घरेलू प्रतियोगिता में प्रभावित करने के बाद पंजाब किंग्स ने उसे आईपीएल नीलामी में चुना। सरनदीप ने कहा,'पहले वह सिर्फ 50 और 60 रन बनाकर आउट हो जाता था। हमने उसकी खेल जागरूकता और धैर्य पर काम किया। अब आप परिपक्वता देख सकते हैं। वह अपने विकेट को महत्व देता है।'

खेल के अगले स्तर पर जाने का है प्रियांश के पास शानदार मौका

सरनदीप ने इसे इस प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज के लिए सीखने, सुधार करने और अपने खेल को अगले स्तर पर ले जाने का सही अवसर बताया। उन्होंने ने कहा,'वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है। अब यह निरंतरता के बारे में है। आपने एक शतक बनाया है, अब तीन बनाइए। अपनी टीम को प्लेऑफ में ले जाइए। यही आपको दूसरों से अलग करेगा।'

ऑरेंज कैप के दावेदार बनकर उभरे हैं प्रियांश

अभी 10 लीग मैच खेले जाने हैं और प्रियांश को ऑरेंज कैप के संभावित दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। सरनदीप ने कहा,'उसमें वह क्षमता है। अगर वह कड़ी मेहनत करता रहता है और अपने पैर जमीन पर रखता है तो वह इस आईपीएल को सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में समाप्त कर सकता है और शायद उम्मीद से पहले भारतीय टीम में चुना जा सकता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article