क्रिकेट

IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल पर लगा जुर्माना, जानिए किस गलती की मिली सजा

दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने की वजह से आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मोटा जुर्माना लगाया है।

Image

मुनाफ पटेल (साभार IPL/BCCI)

नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जमा किया गया है। बुधवार को खेला गया यह मैच काफी रोमांचक रहा था जिसमें दिल्ली ने सुपर ओवर में जीत हासिल की थी।

आचार संहिता के उल्लंघन का है मामला

आईपीएल के बयान के अनुसार,'भारत के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने आईपीएल आचार संहिता के खेल भावना से विपरीत आचरण करने से संबंधित अनुच्छेद 2.20 के लेवल एक का अपराध स्वीकार कर लिया है। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जमा कर दिया गया है। मुनाफ ने मैच रेफरी के इस फैसले को स्वीकार कर लिया है।'

बयान में स्पष्ट नहीं क्या की थी गलती

बयान में यह नहीं बताया गया है कि मुनाफ ने क्या गलती की थी लेकिन माना जा रहा है कि एक मैच अधिकारी के साथ बहस करने के कारण उन्हें दंडित किया गया है। मुनाफ संदेश देने के लिए अपने एक खिलाड़ी को मैदान में भेजना चाहते थे लेकिन मैच अधिकारियों ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी।

चौथे अंपायर के साथ हुई थी भिड़ंत

राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की गेंदबाजी के दौरान चौथे अंपायर ने कथित तौर पर दिल्ली के रिजर्व खिलाड़ी को मुनाफ पटेल का संदेश देने के लिए मैदान में प्रवेश करने से रोक दिया। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज को बाउंड्री लाइन पर अपने फीते बांधते समय अंपायर से बहस करते देखा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और माना जा रहा है कि इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article