क्रिकेट

Women's Asia Cup: श्रीलंका ने महिला एशिया कप के लिए स्क्वॉड का ऐलान किया, खिताब बचाने उतरेगी टीम

Sri Lanka Squad For Women's Asia Cup: महिला एशिया कप 2026 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे टीमें अपनी तैयारियां तेज कर रही हैं। इसी कड़ी में टीमों का ऐलान होना भी शुरू हो चुका है। मौजूदा चैंपियन श्रीलंका ने एशिया कप के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है।

Image

महिला एशिया कप 2026 के लिए मौजूदा चैंपियन श्रीलंका की टीम घोषित (X/Srilankacricket)

श्रीलंका ने दुबई में होने वाले एशिया कप के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया है, जहां वे अपना खिताब बचाने की कोशिश करेंगे। ICC के अनुसार, चमारी अथापथु टीम की कप्तानी जारी रखेंगी और हर्षिता समरविक्रमा उपकप्तान होंगी। आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद दाएं हाथ की तेज़ गेंदबाज़ मिताली अयोध्या की टीम में वापसी हुई है। अप्रैल में ही इंटरनेशनल डेब्यू करने के बावजूद, अयोध्या ने टूर्नामेंट में चार विकेट लिए और श्रीलंका के लिए दूसरी सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ रहीं।

लेग-स्पिनर और ऑलराउंडर डेवमी विहंगा को पहली बार T20I टीम में बुलाया गया है। वह पहले भी 12 वनडे मैचों में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। श्रीलंका ने अपनी बॉलिंग को मज़बूत करने के लिए चेतना विमुक्ति को भी टीम में वापस बुलाया है। अथापथु और समरविक्रमा बैटिंग लाइन-अप की कमान संभालेंगी, जबकि हसिनी परेरा, विश्मी गुणरत्ने और नीलाक्षिका सिल्वा अन्य बैटिंग ऑप्शन में शामिल हैं।

टीम में 17 साल की संजना कविंडी भी शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज़ में अपना T20I डेब्यू किया था। उसी सीरीज़ में T20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाली दूसरी श्रीलंकाई महिला बनने के बाद इमेशा दुलानी ने भी अपनी जगह बनाए रखी है। श्रीलंका को बांग्लादेश, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ ग्रुप B में रखा गया है। मौजूदा चैंपियन 29 अगस्त को UAE के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

एशिया कप के लिए श्रीलंका की टीम

चमारी अथापथु (कप्तान), मिताली अयोध्या, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, विश्मी गुणरत्ने, काव्या कविंडी, संजना कविंडी, सुगंधिका कुमारी, कौशिनी नुथ्यांगना, हसिनी परेरा, चमुडी प्रबोदा, हर्षिता समरविक्रमा, नीलाक्षिका सिल्वा, डेवमी विहंगा और चेतना विमुक्ति।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article