इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां सीजन 31 मार्च से शुरू होने जा रहा है। ओपनिंग मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला जाएगा। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल तेज गेंदबाज दीपक चाहर पूरी तरह से फिट हैं और आईपीएल 2023 में वापसी करने के लिए तैयार हैं। लगातार इंजरी के कारण वह आईपीएल का पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे। भारत के लिए उन्होंने आखिरी मैच बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर में खेला था।
चोट के कारण पिछला साल उनके लिए बेहद खराब रहा था। उस साल वह भारत के लिए केवल 15 मैच ही खेल पाए थे। इंजरी के कारण वह टी20 वर्ल्ड कप टीम में भी नहीं थे। चाहर ने कहा 'पिछले 2-3 महीनों से मैं अपने फिटनेस को लेकर कड़ी मेहनत कर रहा हूं और आईपीएल में खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। मुझे दो बड़ी इंजरी हुई थी। आप महीनों क्रिकेट से दूर रहे थे। किसी को भी इंजरी से वापसी के करने में टाइम लगता है, खासतौर से तेज गेंदबाजों के लिए ये और भी मुश्किल होता है।
उन्होंने आगे कहा 'मुझे फर्क नहीं पड़ता कि कौन खेल रहा है और कौन नहीं खेल रहा। जब तक मैं बल्ले और गेंद से सौ-प्रतिशत फिट नहीं हो जाता, तब तक मैं खुद को खेलने के काबिल नहीं मानता।
चाहर के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 63 मैच खेले हैं और 59 विकेट लिए हैं। उनका फिट होना टीम इंडिया के लिए भी अच्छी खबर है, क्योंकि इस साल भारत की मेजबानी में वनडे वर्ल्ड कप खेलना है। ऐसे में यदि दीपक चाहर टीम में वापसी करें तो टीम के लिए फायदेमंद होगा। चाहर नई गेंद से विकेट लेने में माहिर हैं और नई गेंद से स्विंग भी करा सकते हैं।
