IND vs AFG, Manav Suthar: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने अपनी पकड़ बेहद मजबूत बना ली है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस दौरान केएल राहुल (100 रन) और कप्तान शुभमन गिल (126 रन) ने शतकीय पारी खेलीं जबकि ऋषभ पंत ने 81 और वॉशिंगटन सुंदर ने 52 रन बनाए। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम ने सर्वाधिक 6 विकेट लिए।
मानव सुथार
इसके बाद जब अफगानिस्तान जब अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी तो उसे भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू कर रहे मानव सुथार की जादुई गेंदबाजी को झेलना पड़ा। मानव सुथार ने 15.5 ओवर में 7 मेडन ओवर करते हुए 3 विकेट झटके। मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच के दूसरे दिन के बाद पोस्ट डे-प्रेजेंटेशन में अपने करियर के पहले दिन की सफलताओं पर बातचीत की।
मानव ने कहा, "मेरी गेंदबाजी के दौरान मेरा पूरा ध्यान सही जगहों पर गेंदबाजी करने और अपनी खूबियों पर भरोसा रखने पर था। विकेट मददगार था, इसलिए मैंने सही जगहों पर गेंदबाजी करने और यथासंभव सही लेंथ पर गेंद डालने की कोशिश की।" जब मानव से ये पूछा गया कि उन्हें कब पता चला कि वो डेब्यू करने जा रहे हैं, तो इस पर उन्होंने कहा, "मुझे सुबह ही पता चला जब हम मैदान पर पहुंचे।"
जब मानव ने उनकी खूबियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मेरा ध्यान सीधा-सादा था। विकेट मददगार था और गेंद को घुमाना मेरी खूबी है। इसलिए मेरा लक्ष्य पिच की मदद से जितना हो सके उतना घुमाना था। साथ ही, मैं अच्छी जगहों पर गेंदबाजी करना और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालना चाहता था, क्योंकि वहीं से मदद मिल रही थी। मेरा पूरा ध्यान इसी पर था।"
घरेलू क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक के सफर के बारे में बात करते हुए मानव ने कहा, "मेरा सफर घरेलू क्रिकेट से शुरू हुआ, अंडर-19 से और फिर रणजी ट्रॉफी से। यह बहुत अच्छा और बहुत खास रहा है। भारत के लिए खेलना हर किसी का सपना होता है, और मुझे यह मौका पाकर बेहद खुशी है।
