बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल टीम के ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कोहनी के चोट के कारण बाकी बचे दो मैचों से बाहर हो गए हैं। इससे पहले खबर आई थी कि स्वदेश लौट रहे पैट कमिंस के साथ वॉर्नर भी सिडनी जाएंगे। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि वह वनडे सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे और दोबारा टीम से जुड़ जाएंगे। वनडे सीरीज 17 मार्च से शुरू हो रहा है।
दिल्ली टेस्ट में हुए थे चोटिल
डेविड वॉर्नर को दिल्ली टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी करने के दौरान मोहम्मद सिराज की गेंद पर पहले सिर में चोट लगी थी, जिसके बाद वह दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने नहीं आए। कनकशन नियम के तहत उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर मैट रेनशो को शामिल किया गया था।हालांकि, बल्लेबाजी की बात करें तो इस दौरे पर उनका बल्ला पूरी तरह से खामोश है। उन्होंने 3 इनिंग में कुल 26 रन बनाए हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को इस दौरे पर वॉर्नर जैसे अनुभवी बल्लेबाजों की जरुरत थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनको लेकर एक बयान जारी किया है जिसमें लिखा है 'कोहनी में चोट के कारण वह बारी बचे दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं। आगे उनके स्वास्थ्य को लेकर निगरानी रखी जाएगी, जिसके बाद उनके आगे की राह तय होगी।
वॉर्नर दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं जो चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हुए हैं। इससे पहले जोश हेजलवुड भी चोट के कारण बाहर हो गए थे। वॉर्नर और हेजलवुड पैट कमिंस के साथ स्वदेश लौटेंगे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी खबर यह है कि उसका स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क पूरी तरह से फिट है और वापसी करने के लिए तैयार है। इसके अलावा कैमरोन ग्रीन भी तीसरे टेस्ट में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
