रुतुराज की कप्तानी पारी के दम पर चेन्नई लगातार दो हार के बाद दोबारा जीत की पटरी पर लौट आई है। चेपॉक में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने मेहमान टीम को 7 विकेट से पटखनी देकर सीजन की तीसरी जीत हासिल कर ली। जीत के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 138 रन का लक्ष्य था जिसे उसने गायकवाड़ की नाबाद 67 और शिवम दुबे की 18 गेंद में 28 रन की पारी के दम पर 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह चेन्नई की तीसरी जीत है और अब वह प्वाइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
चेन्नई सुपर किंग्स (साभार-IPL)
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने श्रेयस अय्यर की 34 रन की पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 139 रन बनाए। अय्यर के अलावा कोई भी बल्लेबाज चेन्नई के गेंदबाजों के सामने नहीं टिक पाया। चेन्नई की ओर से तीन गेंदबाज ने मिलकर 8 विकेट चटकाए।
चेन्नई ने जीता टॉस
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। केकेआर ने मैच के लिए कोई बदलाव नहीं किया है। चेन्नई की टीम ने तीन बदलाव करते हुए मुस्तफिजुर रहमान, शार्दुल ठाकुर और समीर रिजवी को मौका दिया है।
कोलकाता की खराब शुरुआत
अब तक जीत की रथ पर सवार कोलकाती की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केकेआर को पहली ही गेंद पर झटका लगा। फिल सॉल्ट को तुषार देशपांडे ने रवींद्र जाडेजा के हाथों कैच करवाया। पहली गेंद पर आउट होने वाले वह केकेआर के 5वें बल्लेबाज हैं।
पावरप्ले रहा केकेआर के नाम
पावरप्ले केकेआर के नाम रहा। फिल सॉल्ट के आउट होने के बाद सुनील नरेन और अंगकृष रघुवंशी ने मिलकर तेजी से रन बनाए। 6 ओवर में केकेआर ने 1 विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाए।
जाडेजा ने तोड़ी बल्लेबाजी की कमर
रवींद्र जाडेजा ने केकेआर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। जाडेजा ने एक ही ओवर में रघुवंशी और सुनील नरेन को आउट कर केकेआर की बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। 9वें ओवर में जाडेजा ने वेंकटेश अय्यर को भी आउट कर दिया। केकेआर ने 4 विकेट के नुकसान पर 66 रन बनाए हैं।
मीडिल ऑर्डर फ्लॉप
66 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद केकेआर की टीम दोबारा वापसी नहीं कर पाई। रिंकू सिंह 9 और रमनदीप सिंह 13 रन बनाकर आउट हो गए। रिंकू को तुषार देशपांडे ने बोल्ड किया तो रमनदीप सिंह तीक्ष्णा के शिकार हुए।
केकेआर ने बनाए 137 रन
केकेआऱ ने कप्तान श्रेयस अय्यर के 32 गेंद में 34 रन की पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए और चेन्नई के सामने 138 रन का लक्ष्य रखा। अय्यर के अलावा सुनील नरेन ने 27 और रघुवंशी ने 24 रन बनाए।
चेन्नई की धारदार गेंदबाजी
चेन्नई के गेंदबाजों ने धारदार गेंदबाजी की। 3 गेंदबाजों ने मिलकर केकेआऱ के 8 विकेट झटके। चेन्नई की ओर से तुषार देशपांडे और रवींद्र जाडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि मुस्तफिजुर रहमान ने 2 विकेट चटकाए।
चेन्नई की विस्फोटक शुरुआत
138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने शानदार शुरुआक की। रचिन रवींद्र जरूर 8 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन रुतुराज ने अच्छी बल्लेबाजी की और पावरप्ले में चेन्नई के स्कोर को 53 रन तक पहुंचा दिया।
रुतुराज गायकवाड़ का अर्धशतक
रुतुराज गायकवाड़ ने 45 गेंद में 7 चौके की मदद से आईपीएल 2024 का पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 58 गेंद में 67 रन की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद नाबाद लौटे। कप्तान के तौर पर गायकवाड़ का यह पहला अर्धशतक था।
रुतु और मिचेल की अर्धशतकीय साझेदारी
शुरुआती विकेट जल्दी खोने के बाद सीएसके को एक साझेदारी की जरुरत थी। दूसरे विकेट के लिए डेरेल मिचेल और गायकवाड़ ने 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और सीएसके की जीत को लगभग सुनिश्चित कर दिया।
दुबे ने कराया नेट रन रेट में इजाफा
सीएसके को दूसरा झटका 97 रन के स्कोर पर लगा जब मिचेल 19 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। इस विकेट के बाद लगा कि केकेआर वापसी करेगी, लेकिन दुबे ने कोलकाता की मंसूबों पर पानी फेरते हुए रुतुराज के साथ तेजी से 38 रन जोड़े। दुबे ने 18 गेंद में 1 चौका और 3 छक्कों की मदद से 28 रन की विस्फोटक पारी खेली।
प्लेयर ऑफ द मैच बने रवींद्र जाडेजा
रवींद्र जाडेजा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर की गेंदबाजी की और 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्होंने एक ही ओवर में सुनील नरेन और अंककृष रंघुवंशी को आउट कर केकेआर की बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। इसी स्पेल का नतीजा था कि केकेआर की टीम 137 रन ही बना पाई।
