क्रिकेट

CSK vs KKR Preview: धोनी की कप्तानी में नए जोश के साथ कोलकाता के खिलाफ उतरेगी सीएसके, जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

CSK vs KKR Match Preview: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 25वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भिड़ंत होगी। एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम केकेआर के खिलाफ नए जोश और रणनीति के साथ उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

सीएसके बनाम केकेआर मैच प्रीव्यू

CSK vs KKR Preview: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 25वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भिड़ंत होगी। रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) की कप्तानी में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अबतक फीका रहा। रुतुराज चोटिल होकर पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए और एमएस धोनी के हाथ में टीम की फिर से कमान सौंप दी गई। सीएसके को अबतक खेले पांच मैच में से केवल एक में उसे जीत मिली है जबकि चार में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम केकेआर के खिलाफ नए जोश और नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन केकेआर की हालत भी अच्छी नहीं है। कोलकाता को अबतक खेले 5 मैच में से 2 में जीत और तीन में हार मिली है। ऐसे में लगातार हार से बेजार चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना अभियान पटरी पर लाने के लिए शुक्रवार को यहां होने वाले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा।

चेन्नई को मिली हैं पांच मैच में से चार में हार

चेन्नई की टीम को अभी तक पांच मैच में से चार में हार का सामना करना पड़ा है और इसलिए यह मैच उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण बन गया है। उसे अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स से 18 रन से पराजय का सामना करना पड़ा था। चेन्नई की टीम अब अपना भाग्य बदलने के उद्देश्य से अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए उतरेगी। उसे हालांकि अभी तक यहां के विकेट से उतनी मदद नहीं मिली है जैसे कि अतीत में मिला करती थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़ी हार के बाद चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पिच को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की थी।

घर पर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है चेन्नई

चेन्नई की पिछली सफलताओं में उसका घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है लेकिन अब यहां की पिच काफी बदल गई है और उसके खिलाड़ी इससे सामंजस्य नहीं बिठा पा रहे हैं। चेन्नई को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो उसके खिलाड़ियों को जल्द से जल्द यहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होगा। यही नहीं उसके स्पिन गेंदबाजों को सफलता हासिल करने का तरीका ढूंढना होगा।

कप्तान धोनी पर रहेंगी सबकी निगाहें

सभी की निगाहें एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी रहेगी। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 12 गेंद पर 27 रन बनाए थे जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल है। चेन्नई की टीम के लिए अच्छी बात यह है कि डेवोन कॉन्वे, रचिन रवींद्र और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजों ने लय हासिल करने के संकेत दिए हैं। चेन्नई की गेंदबाजी कमोबेश वैसी ही रहेगी, जिसमें खलील अहमद, मुकेश चौधरी और मथीशा पथिराना तेज गेंदबाजी विभाग संभालेंगे जबकि रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा और नूर अहमद पर स्पिन विभाग की जिम्मेदारी होगी।

जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी केकेआर

जहां तक नाइट राइडर्स का सवाल है, वे तीन दिन पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मिली करीबी हार से उबरने और इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेंगे। उनके गेंदबाजों को ईडन गार्डन्स में लखनऊ के बल्लेबाजों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। उन्हें यहां अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। बल्लेबाजी में नाइट राइडर्स का दारोमदार फिर से क्विंटन डी कॉक, सुनील नारायण, कप्तान अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों पर रहेगा।

अंक तालिका में दोनों टीमों का ऐसा है हाल

अगर अंक तालिका में वर्तमान स्थिति का जिक्र करें तो चेन्नई चार हार और एक जीत के बाद नौवें स्थान पर, जबकि केकेआर पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ छठे स्थान पर है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

कोलकाता नाइट राइडर्स:

क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सुनील नारायण, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, मनीष पांडे, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा, स्पेंसर जॉनसन, वरुण चक्रवर्ती, एनरिक नॉर्टजे, वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय, लवनिथ सिसौदिया, मोइन अली, रोवमैन पॉवेल, मयंक मारकंडे, रहमानुल्लाह गुरबाज़ और चेतन सकारिया।

चेन्नई सुपर किंग्स:

एमएस धोनी(कप्तान), रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, सैम कुरेन, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुडा, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस। गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ, रुतुराज गायकवाड़(रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है।)

मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article