क्रिकेट

CSK बेशक लगातार 5 मैच हार गया है, लेकिन बैटिंग कोच हसी का बयान फैंस को खुश कर देगा

CSK Batting Coach Mike Hussey Statement: चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल में लगातार पांचवें मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन टीम के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने अपने खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि अभी हार स्वीकार करने की कोई जरूरत नहीं है और पांच बार के चैंपियन के पास सही खिलाड़ी हैं।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच माइक हसी (IPLT20/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025 में चेन्नई की लगातार 5 हार
  • बैटिंग कोच माइक हसी ने दिया दिलचस्प बयान
  • कोच हसी को है वापसी का पूरा भरोसा

चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार पांचवें मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन टीम के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने अपने खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि अभी हार स्वीकार करने की कोई जरूरत नहीं है और पांच बार के चैंपियन के पास सही खिलाड़ी हैं।

चेन्नई को अपने घरेलू मैदान चेपॉक में नौ विकेट पर 103 रन का अपना अब तक का सबसे कम स्कोर बनाने के बाद शुक्रवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स से आठ विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। हसी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरा अब भी मानना है कि हमारे पास सही खिलाड़ी हैं। हमें बस उन्हें कुछ आत्मविश्वास और निरंतरता हासिल करने में मदद करनी है। इसके बाद हम सही राह पर आगे बढ़ सकते हैं फिर चाहे वह बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी या फिर क्षेत्ररक्षण।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे खेल की शैली के बारे में बहुत चर्चा हो रही है। लेकिन हमारे पास जो खिलाड़ी हैं, हम उनसे बिल्कुल अलग तरीके से खेलने के लिए नहीं कहना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि वे अपना नैसर्गिक खेल खेलते रहें।’’

ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ‘‘वे अपने तरीके से खेलने और वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आईपीएल में आए हैं। मैं निश्चित रूप से उन लोगों में से नहीं हूं जो उन्हें अलग तरीके से खेलने की कोशिश करते हैं। वे इसी तरह से खेल कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहे हैं।’’ हसी ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि चेन्नई ने अपनी अंतिम एकादश में कुछ शीर्ष खिलाड़ियों को शामिल कर लिया है और वह अपने युवा खिलाड़ियों को मौका देने में झिझक रहे हैं। चेन्नई के मध्यक्रम में भारत के खिलाड़ी राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, विजय शंकर और दीपक हुडा शामिल हैं जो इस सत्र में अभी तक नाकाम रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं इससे सहमत नहीं हूं। हमारे पास अतीत में ऐसे कई खिलाड़ी रहे हैं जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव में चेन्नई की तरफ से खेले जैसे कि शेन वॉटसन और अजिंक्य रहाणे। उन्होंने चेन्नई के लिए वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे अब भी लगता है कि हमारे पास जो खिलाड़ी हैं, वे वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैंं।’’

हसी ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि हमारे पास कुछ अच्छे युवा खिलाड़ी है जो मौके का इंतजार कर रहे हैं लेकिन कभी-कभी मुझे लगता है कि जब टीमें हार मान लेती हैं और सोचती हैं, अब हम टूर्नामेंट नहीं जीत सकते और अब हम युवा खिलाड़ियों को आजमाएंगे। हम अभी इस स्थिति में नहीं है। हम निश्चित तौर पर अभी हार स्वीकार नहीं कर रहे हैं।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article