WPL 2024 Champions: 17 साल के लंबे इंतजार के बाद ही सही आरसीबी फ्रैंचाइजी ने आखिरकार कप जीत लिया। दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने दिल्ली को 8 विकेट से हराया और WPL की पहली ट्रॉफी जीत ली। आरसीबी के सामने जीत के लिए 114 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलिस पैरी ने नाबाद 35 और ऋचा घोष ने 17 रन की पारी खेली। इससे पहले श्रेयंका पाटिल के 4 और सोफी मॉनिन्यू के 3 विकेट के स्पेल के कारण आरसीबी ने दिल्ली को 112 रन पर ढेर कर दिया।
विराट से लेकर गेल तक ने दी शुभकामनाएं
आरसीबी के लिए यह जीत कितना मायने रखती है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जीत के फौरन बाद मंधाना से विराट कोहली ने वीडियो कॉल पर बात की। विराट के अलावा फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल ने भी पूरी आरसीबी टीम से बात की।
गेल ने आरसीबी को शुभकामना देते हुए लिखा शानदार WPL सीजन। फाइनली ई साला कप नामदु, जिसका मतलब होता है कि इस कप हमारा हो गया। दिनेश कार्तिक ने शुभकामना देते हुए लिखा कि हमारी लड़कियों का शानदार प्रदर्शन। ग्लेन मैक्सवेल ने भी टीम को शुभकामना दी और लिखा कि हम चैंपियन बन गए।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
आरसीबी फ्रैंचाइजी की बात करें तो उनके लिए यह इंतजार काफी लंबा रहा है। 17 साल के लंबे इंतजार के बाद जैसे ही मंधाना की कप्तानी में आरसीबी ने कप उठाया, सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है।
एक यूजर ने दंगल के आमिर खान की फोटो शेयर की जिसमें लिखा है कप तो कप होवे है, चाहे छोरे लाए या छोरियां। एक अन्य यूजर ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का एक वीडियो शेयर किया जिसमें दोनों डांस कर रहे हैं।
आरसीबी फ्रैंचाइजी का एक पुराना वीडियो भी शेयर किया है जिसमें गेल, विराट सहित आरसीबी के खिलाड़ी डांस कर रहे हैं। एक अन्य यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें विराट और कुछ खिलाड़ी मंधाना से कप लेते हुए नजर आ रहे हैं।
