Pakistan Cricket News, Inzamam ul Haq resigns: पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों कुछ सही नहीं चल रहा है। एक तरफ विश्व कप 2023 में उनकी टीम लगातार खराब प्रदर्शन करने के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से तकरीबन बाहर हो गई है। वहीं दूसरी ओर हाल की खबरों ने तब सनसनी मचाई जब कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) और पीसीबी प्रमुख जका अशरफ के बीच मतभेद और अशरफ द्वारा लाइव टीवी पर बाबर की प्राइवेट चैट लीक करने की खबर आई। अब एक और खबर ने पाक क्रिकेट में खलबली मचा दी है, उनकी चयन समिति के प्रमुख इंजमाम उल हक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इंजमाम उल हक
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा प्रमुख चयनकर्ता इंजमाम उल हक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस खबर के आने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट की और किरकिरी होना तय है क्योंकि वहां हालातों को ठीक करने का कोई प्रयास करने को तैयार नहीं है। इंजमाम उल हक का इस्तीफा और कप्तान व प्रशासकों के बीच मतभेद ने विश्व कप 2023 के बीच में उनके क्रिकेट की नींव हिला रखी है।
इंजमाम उल हक के इस्तीफे के कई कारण हो सकते हैं। विश्व कप 2023 में पाक टीम का शर्मनाक प्रदर्शन और सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो जाना एक बड़ी वजह तो मानी ही जा रही है। इसके अलावा कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक इंजमाम पर एक प्राइवेट कंपनी में शेयर धारक होने के कारण हितों के टकराव का मामला भी चल रहा था। जिस कंपनी की यहां बात हो रही है वो कई पाकिस्तानी क्रिकेटर्स को भी मैनेज करती है।
हितों के टकराव का ये मामला चल ही रहा था कि विश्व कप शुरू हुआ और इंजमाम द्वारा चुनी गई पाकिस्तानी टीम ने शर्मनाक प्रदर्शन कर दिया। इसके अलावा खिलाड़ियों का उनके बोर्ड के साथ वार्षिक अनुबंध को लेकर विवाद पहले से ही जारी है। तमाम विवादों के बीच में इंजमाम उल हक का इस्तीफा इस बात की ओर साफ संकेत है कि आने वाले दिनों में बाबर आजम की कप्तानी भी खतरे में है और टीम में कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।
