क्रिकेट

टेस्ट क्रिकेट में इस मुकाम पर पहुंचने वाले 13वें भारतीय बनेंगे चेतेश्वर पुजारा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 16, 2023, 11:12 AM IST

Cheteshwar Pujara 100th test: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जैसे ही मैदान पर उतरेंगे उनका नाम भारतीय टेस्ट इतिहास के एक स्पेशल क्लब में दर्ज हो जाएगा।

Image

चेतेश्वर पुजारा(साभार Cheteshwar Pujara)

Photo : Twitter

नई दिल्ली: टीम इंडिया की नई दीवार के नाम से दुनियाभर में विख्यात चेतेश्वर पुजारा अपने क्रिकेट करियर के ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां तक बेहद कम खिलाड़ी पहुंच पाते हैं। 35 वर्षीय पुजारा नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के लिए मैदान में उतरते ही भारत के लिए 100 टेस्ट मैच खेलने वाले 13वें क्रिकेटर बन जाएंगे।

13 के फेर में फंसे चेतेश्वर पुजारा

पुजारा ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत 13 साल पहले साल 2010 में बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ की थी और अब ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ घरेलू सरजमीं पर वो करियर का 100वां टेस्ट खेलने जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम पुजारा की फेवरेट टीम भी रही है। कंगारुओं के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पुजारा का बल्ला खूब चला है। चार साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके ही घर पर टीम इंडिया की पहले टेस्ट सीरीज जीत में पुजारा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे।

बनेंगे भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 13वें प्लेयर

पुजारा से पहले भारत के लिए 100 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने की उपलब्धि सचिन तेंदुलकर(200), राहुल द्रविड़(163), वीवीएस लक्ष्मण(134), अनिल कुंबले(132), कपिल देव(131), सुनील गावस्कर(125),सौरव गांगुली(113), दिलीप वेंसरकर(116), विराट कोहली(105*), ईशांत शर्मा(105), हरभजन सिंह(103), वीरेंद्र सहवाग(103) हासिल कर चुके हैं। पुजारा से पहले इस मुकाम पर पहुंचने वाले आखिरी भारतीय विराट कोहली थे। विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में अपना सौवां टेस्ट खेला था।

ऐसा रहा है अबतक टेस्ट करियरपुजारा ने अबतक करियर में खेले 99 टेस्ट मैच की 169 पारियों में 10 बार नाबाद रहते हुए 44.15 के औसत से 7021 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 19 शतक और 34 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 206 रन रहा है। पिछले साल बांग्लादेश दौरे पर पुजारा ने सैकड़ा जड़ा था और लंबे समय से चले आ रहे टेस्ट शतकों के सूखे को खत्म किया था। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नई दिल्ली में 100वें टेस्ट में शतक जड़कर पुजारा अपनी उपलब्धि पर चार चांद लगा सकते हैं। अगर वो ऐसा करने में सफल रहे तो उनका नाम दुनियाभर के क्रिकेट खिलाड़ियों के एक स्पेशल क्लब में दर्ज हो जाएगा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article