किसी भी गेंदबाज के लिए उस बल्लेबाज का विकेट हमेशा कीमती होता है जिसके लिए उन्हें खासी मेहनत करनी पड़ी। जो भी बल्लेबाज अपने विकेट की कीमत लगाता है यानी वह आसानी से अपनी विकेट गेंदबाजों को नहीं देता है उसकी विकेट गेंदबाजों को रोमांचित करती है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने बताया है कि उन्हें किसकी विकेट रोमांचित करती है। उन्होंने कहा 'चेतेश्वर पुजारा को गेंदबाजी करना काफी कठिन होता है और उनका विकेट लेकर गेंदबाज काफी रोमांचित महसूस करते हैं।
पुजारा ने हाल ही में टेस्ट मैचों का शतक पूरा किया, हालांकि, आस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चार मैचों में वह बड़ा स्कोर नहीं बना सके। लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी छोटी पारियों से टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चार मैच की 6 पारी में 28 की औसत से 140 रन बनाए।
उन्होंने आरसीबी की पॉडकास्ट में बात करते हुए आगे कहा 'गेंदबाजों के लिये उनका विकेट काफी रोमांचित करने वाला है। उसे आउट करने के लिये काफी मेहनत करनी पड़ती है। इतने साल में उन्हें गेंदबाजी करने का मैने पूरा आनंद लिया है। वह बेहतरीन बल्लेबाज है और आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के निशाने पर हमेशा रहते हैं।’
आईपीएल में नजर आएंगे हेजलवुड
31 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग में ऑस्ट्रेलिया का यह गेंदबाज एक्शन में होगा। वह आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे। हालांकि, पिछले सीजन में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 12 मैच में 20 विकेट लिए थे। वह आरसीबी की टीम का प्रमुख हिस्सा हैं और इस बार भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।पुजारा का क्रिकेट करियर
पैतीस वर्ष के पुजारा टेस्ट क्रिकेट में 102 मैचों में 19 शतक और 35 अर्धशतक समेत 7000 से अधिक रन बना चुके हैं। हालांकि, उन्होंने केवल 5 वनडे और 30 आईपीएल मैच भी खेले हैं। वनडे में उनके नाम 51 रन जबकि आईपीएल में 390 रन बनाए हैं।
