चेन्नई सुपर किंग्स (साभार IPL/BCCI)
Chennai Super kingsPlayoff Equations: एमएस धोनी की कप्तानी में 683 दिन के लंबे अंतराल के बाद खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को अपने गढ़ चेन्नई में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 8 विकेट के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। मैच में केकेआर के खिलाफ टॉस हारने के बाद धोनी की अगुवाई वाली टीम कोलकाता की कसी हुई गेंदबाजी के सामने बेदम हो गई और 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 104 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल हुई। यह चेन्नई सुपर किंग्स का अपने घर पर 18 साल के इतिहास में सबसे कम स्कोर था। इसके बाद कोलकाता के बल्लेबाजों ने 10.1 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल करके सीएसके को उसके घर पर पहले बल्लेबाजी करने के बाद सबसे बड़ी हार थमा दी। 59 गेंद शेष रहते केकेआर ने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
चेन्नई सुपर किंग्स की यह आईपीएल 2025 में अबतक खेले 6 मैच में पांचवीं और घर पर लगातार तीसरी हार है। इस हार के बाद सीएसके की टीम अंक तालिका में 2 अंक के साथ नौवें पायदान पर काबिज हो गई है। सीएसके का नेट रन रेट -1.554 का हो गया है। चेन्नई के बाद दसवें स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम है। हैदराबाद 5 मैच में 1 जीत और चार हार के साथ आखिरी पायदान पर है। उसका नेट रन रेट चेन्नई से भी खराब -1.629 है।
आईपीएल 2025 में पांच हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के फैन्स के मन में सवाल उठने लगे हैं कि क्या उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल होगी या नहीं। सीएसके अबतक 6 मैच खेल चुकी है और उसके 8 मैच बाकी है। प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 8 मैच जीतने होते हैं। अगर किस्मत सही हो तो 14 अंक और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर भी प्लेऑफ में एंट्री हो सकती है। जैसा पिछले सीजन में आरसीबी के साथ हुआ था। सीएसके आरसीबी के साथ 14-14 अंक की बराबरी पर थी। लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से प्लेऑफ में पहुंची और चेन्नई सुपर किंग्स ऐसा करने से चूक गई।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को अपने बाकी बचे 8 मैच में से 7 में जीत दर्ज करनी होगी। 6 मैच जीतकर बेहतर रन रेट के साथ वो प्लेऑफ की दौड़ में पिछले सीजन की तरह बनी रहेगी। लेकिन अगले 8 में से 3 मैच चेन्नई गंवा देती है तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो जाएंगे। चेन्नई के लिए मुश्किलें अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन हार के बाद बढ़ गई हैं। चेपॉक का मैदान चेन्नई का अभेद किला माना जाता था। लेकिन मौजूदा सीजन में सीएसके अपने ही घर में जीत दर्ज कर पाने में नाकाम रही है। बाकी बचे 8 मुकाबलों में से तीन सीएसके को 25 अप्रैल(बनाम सनराइजर्स हैदराबाद), 30 अप्रैल(बनाम पंजाब किंग्स), 12 मई ( बनाम राजस्थान रॉयल्स) अपने घर पर खेलने हैं। अगले दो सप्ताह चेन्नई को घर पर एक भी मैच नहीं खेलना है। 11 अप्रैल के बाद अब सीधे 25 अप्रैल को उसे चेन्नई में खेलने का मौका मिलेगा।
केकेआर के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार का सामना करने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अपना अगला मुकाबला 14 अप्रैल, 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलेगी। इसके बाद 20 अप्रैल को सीएसके की इडेन गार्डन्स में मुंबई इंडियन्स से भिड़ंत होगी।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।