दुबई: भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच रविवार 09 मार्च, 2025 को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारत के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली की नजर दो बड़े रिकॉर्ड्स पर होगी। एक रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगकारा है और दूसरी यूनिवर्स बॉस के नाम से विख्यात विंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल का।
विराट कोहली
चैंपियंस ट्रॉफी के सबसे सफल बल्लेबाज
विराट कोहली ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में 17 मैच की 16 पारियों में 7 पारियों में बार नाबाद रहते हुए 746 रन बना लिए हैं। जिसमें एक शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। विराट चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे पायदान पर हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल ने 17 मैच की 17 पारियों में 791 रन बनाए थे। विराट को गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 45 रन और बनाने हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 रन बनाते ही विराट चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज बन जाएंगे।
वनडे इतिहास के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली सबसे तेज 14 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ी हाल ही में बने हैं। विराट अगर रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ अगर 55 रन की पारी खेलने में सफल हुए तो वो वनडे क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। विराट फिलहाल 14, 180 रन के साथ तीसरे पायदान पर हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर 18,426 रन के साथ पहले और कुमार संगकारा 14,234 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
