मेलबर्न: मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन और मेजबान ऑस्ट्रेलिया का शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ एमसीजी मैदान पर खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम के तीन दिन में दो मुकाबले बारिश की वजब से रद्द हो गए। शुक्रवार को अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच भिड़ंत होनी थी जो कि खराब मौसम के कारण नहीं हो सकी। इससे पहले अफगानिस्तान न्यूजीलैंड का मैच भी बारिश की वजह से नहीं खेला जा सका था।
आयरलैंड का भी लगातार दूसरा मैच था जिसमें बारिश ने खलल डाला। हालांकि इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में पर्याप्त ओवर का खेल हो गया था। बुधवार को खेले गए उस मुकाबले में आयरलैंड की टीम को 5 रन के अंतर से डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम के तहत विजेता घोषित किया गया।
मेलबर्न में पड़ी है बारिश की मार
मेलबर्न में खेले जाने वाले मैचों पर बारिश की मार सबसे ज्यादा पड़ी है। इस मैदान पर निर्धारित पांच मैचों में से केवल एक मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा सका। मेलबर्न में दो मैच और खेले जाने हैं। पहला मुकाबला भारत और जिंबाब्वे के बीच 6 नवंबर को खेला जाने वाला लीग मुकाबला होगा। इसके अलावा दूसरा टूर्नामेंट का फाइनल है जो कि मेलबर्न में ही खेला जाएगा।मैच रद्द होने का हुआ इंग्लैंड को फायदा
शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के बारिश की भेंट चढ़ने से सबसे ज्यादा खुशी हो रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में करारी हार का सामना करने वाली कंगारू टीम को अपना रनरेट सुधारने के लिए जीत जीत की दरकार थी। अंक बंटते ही ऑस्ट्रेलिया(-1.555) से बेहतर रन रेट इंग्लैंड (+0.239)का हो गया है। पहले स्थान पर न्यूजीलैंड की टीम तीन अंक के साथ काबिज है। इसकी वजह उसका नेट रन रेट है। इंग्लैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खाते में भी तीन-तीन अंक हैं और श्रीलंका के खाते में दो। ऐसे में नेट रन रेट टीमों की सेमीफाइनल की किस्मत तय करता दिख रहा है।दो बड़ी जीत खोलेगी इंग्लैंड के लिए सेमीफाइनल के दरवाजेइंग्लैंड को अपने बाकी बचे दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड और श्रीलंका से भिड़ना है। वहीं ऑस्ट्रेलिया को आयरलैंड और अफगानिस्तान से। इंग्लैंड के खाते में 3 मैच में 1 जीत, 1 हार और 1 रद्द मुकाबले के साथ 3 अंक हैं। अगर वो अपने बाकी बचे मुकाबलों में न्यूजीलैंड और श्रीलंका को बड़े अतंर से मात देने में सफल हुई तो उनके लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खुल जाएंगे।
न्यूजीलैंड श्रीलंका के बीच मुकाबले के साथ स्पष्ट होगी तस्वीर
ग्रुप-1 की दशा दिशा की स्थिति शनिवार को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के बाद और स्पष्ट हो जाएगी। कीवी टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 89 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। इसके बाद उसका अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में सबसे बेहतर रन रेट वाली न्यूजीलैंड की टीम एक और जीत हासिल करके ग्रुप-1 में सबसे मजबूत स्थिति में आ जाएगी। ऐसे में बाकी की टीमों के बीच दूसरे स्थान को लेकर टक्कर होगी।ग्रुप-1 के बाकी बचे मुकाबले:
- शनिवार 29 अक्टूबर: न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, एससीजी, सिडनी
- सोमवार 31 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड, द गाबा, ब्रिस्बेन
- मंगलवार, 01 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका, द गाबा, ब्रिस्बेन
- मंगलवार, 01 नवंबर: इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, द गाबा, ब्रिस्बेन
- शुक्रवार, 04 नवंबर: आयरलैंड बनाम न्यूजीलैंड, एडिलेड ओवल
- शुक्रवार, 04 नवंबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम अफगानिस्तान, एडिलेड ओवल
- शनिवार, 05 नवंबर: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड, एससीजी, सिडनी
