स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20I सीरीज में भारत के प्रदर्शन पर इस महीने के आखिर में बीसीसीआई रिव्यू मीटिंग आयोजित करेगी। बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड टीम के खराब प्रदर्शन पर चर्चा करेगी और यह पता करने की कोशिश करेगी की क्या गलत हुआ।
भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन पर बीसीसीआई करेगी रिव्यू मीटिंग। फोटो- BCCI
टी20 वर्ल्ड कप डिफेंड करने वाली चैंपियन भारतीय टीम नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगातार पांच टी20 अंतरराष्टीय मुकाबले गंवा चुकी है। टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। वहीं, अभी वे इंग्लैंड के खिलाफ 3-0 से पीछे हैं। दोनों टीमों ने भारत के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीतने का इतिहास रचा। वहीं, भारत के लगातार अजेय रहने का सिलसिला टूट गया।
टी20 टीम के परफॉर्मेंस पर नजर
पीटीआई से बात करते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, BCCI अभी इंडियन टी20 टीम के परफॉर्मेंस पर नजर रख रहा है, जो इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में अच्छा नहीं कर पाई है। हालांकि, यह कोई अजीब बात नहीं है और इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा हो सकता है।
उन्होंने आगे कहा, हम इसे पूरी तरह से बुरा दौर मानते हैं। 19 जुलाई को वनडे सीरीज खत्म होने और टीम के वापस आने के बाद, हम टीम के कोर मेंबर्स के साथ एक रिव्यू मीटिंग करेंगे। ताकि इस पर बात की जा सके कि इंग्लैंड में क्या गलत हुआ। हम वनडे सीरीज में उम्मीद कर रहे हैं कि टीम अच्छी फॉर्म में वापस आ जाएगी।
कमियों को दूर करने पर होगी चर्चा
हालांकि, सैकिया ने यह साफ कर दिया कि मीटिंग सिर्फ क्रिकेट से जुड़े मामलों पर ही फोकस करेगी। रिव्यू मीटिंग सिर्फ टीम के परफॉर्मेंस और कमियों को कैसे ठीक किया जा सकता है, इस बारे में होगी। इसके अलावा किसी और बात पर चर्चा नहीं होगी।
भारत पर क्लीन स्वीप का खतरा
भारतीय टीम शनिवार को साउथैम्प्टन में सीरीज का आखिरी टी20 मैच खेलेगी। अगर टीम हार जाती है तो उन्हें रैंकिंग में अपनी नंबर-1 की कुर्सी खोनी पड़ सकती है। साथ ही टीम तीन या उससे ज्यादा मैच की बाइलेटरल टी20I सीरीज में पहली बार इंग्लैंड के हाथों व्हाइटवॉश का सामना भी करना पड़ सकता है। ऐसी में टीम आखिरी टी20 मैच में जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।
वनडे सीरीज में वापसी की उम्मीद
टी20 सीरीज के बाद भारत 14, 16 और 19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगा। इसके बाद वे 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए ज़िम्बाब्वे दौरे पर जाएंगे।
