Vaibhav Sooryavanshi in Asian Games: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 30 संभावित पुरुष खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को सौंप दी है। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम 15 साल के IPL स्टार वैभव सूर्यवंशी का है। वहीं टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट-वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम इस लिस्ट में नहीं है। दरअसल, BCCI को एक ही समय पर दो अलग-अलग टी20 टीमें तैयार करनी पड़ रही हैं। 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेलने हैं। एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच होगा। इसी वजह से दोनों टूर्नामेंट की तारीखें टकरा रही हैं। उम्मीद है कि गिल वनडे सीरीज में कप्तानी करेंगे, इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया।
कौन हो सकता है कप्तान
सूर्यकुमार यादव का नाम न होना भी ज्यादा हैरान नहीं करता। माना जा रहा है कि 2028 ओलंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए सेलेक्टर्स अब उनसे आगे की सोच रहे हैं। ऐसे में उनका लंबी लिस्ट से बाहर होना तय माना जा रहा था। एशियाई खेलों की टीम की कप्तानी के लिए श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा मजबूत दावेदार हैं। इन तीनों के पास कप्तानी का अनुभव भी है। हांग्झोउ एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को भी इस लिस्ट में रखा गया है, भले ही उनका हालिया फॉर्म खास नहीं रहा है।
फाइनल 15 खिलाड़ियों को चुनना बड़ी चुनौती
लिस्ट में जसप्रीत बुमराह का नाम भी शामिल है। हालांकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए उनकी प्राथमिकता वनडे हो सकती है। तेज गेंदबाजों में हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह भी हैं। स्पिन में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे को जगह मिली है। माना जा रहा है कि इन चार स्पिनरों में से दो एशियाई खेलों में जाएंगे और दो वेस्टइंडीज सीरीज खेलेंगे। सेलेक्टर्स को अब इस 30 सदस्यीय पूल से फाइनल 15 खिलाड़ी चुनने हैं। दो टूर्नामेंट एक साथ होने की वजह से BCCI इस बार युवा और सीनियर खिलाड़ियों को मिलाकर दो मजबूत टीमें बनाना चाहता है।
IOA को भेजी गई 30 खिलाड़ियों की लिस्ट
यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतिश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज़ अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वॉशिंगटन सुंदर।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
