IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम दो टेस्ट के लिए टीम इंडिया का ऐलान

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 19, 2023, 06:18 PM IST

Team India Squad For Third And fourth Test Against Australia: बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के बाकी बचे दो टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है।

नई दिल्ली: बीसीसीआई ने रविवार को नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 6 विकेट अंतर से जीत के बाद सीरीज के बाकी बचे दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। पहले दो टेस्ट में जीत हासिल करने वाले दल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरे टेस्ट से पहले रणजी ट्रॉफी फाइनल के लिए रिलीज किए गए सौराष्ट्र के कप्तान और बांए हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की टीम में वापसी हुई है।

Indian-Cricket-team

भारतीय क्रिकेट टीम

एसएस दास की अध्यक्षता में हुआ टीम चयन

चेतन शर्मा के मुख्य चयनकर्ता पद से इस्तीफा देने के बाद एसएस दास की अध्यक्षता में हुआ यह पहला टीम चयन है। चयनसमिति ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया। सीरीज का तीसरा टेस्ट 1 से 5 मार्च के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में और चौथा आखिरी टेस्ट 9 से 13 मार्च के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट इंदौर से पहले धर्मशाला में खेला जाना था लेकिन मैदान के पूरी तरह तैयार नहीं होने के बाद वेन्यू में बदलाव कर दिया गया।

उपकप्तान के नाम का नहीं किया गया ऐलान

केएल राहुल के लगातार नाकाम रहने के बाद तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए किसी भी खिलाड़ी को टीम का उपकप्तान नहीं चुना गया है। दिल्ली टेस्ट के बाद कप्तान रोहित और कोच राहुल द्रविड़ के राहुल का बचाव किए जाने के बाद इसे इंदौर में शुभमन गिल को एकादश में मौका दिए जाने के संकेत के रूप में देखा जा सकता है। क्योंकि पहले ये तर्क दिए जा रहे थे कि उपकप्तान को कैसे एकादश से बाहर किया जा सकता है। लेकिन अब ये समस्या भी खत्म हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टेस्ट टीम:रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।

End of Feed