India vs New Zealand World Cup 2023: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले बीसीसीआई पर एक बड़ा आरोप लगा है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक जिस पिच पर मैच खेला जाने वाला था, उसकी जगह अब नई पिच का उपयोग किया जाएगा। इसमें स्रपिनर्स को फायदा पहुंच सकता है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में किया जाना है। रिपोर्ट के मुताबिक पहले इस मैच के लिए वानखेड़े स्टेडियम की पिच नंबर 6 का उपयोग किया जाना था। ये पिच एक दम फ्रेश है और इसमें तेज गेंदबाजों को बढ़त हासिल थी। इस पर बाउंस भी शानदार था। लेकिन अब पिच नंबर 7 का उपयोग किया जाएगा। इस पिच पर स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिलेगी। ऐसे में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मिचेल सेंटनर इसका फायदा उठा सकते हैं।
आईसीसी ने मांगा जवाब
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने इन आरोपों पर ध्यान दिया है और बीसीसीआई से इसे लेकर सवाल भी पूछा है। एक अधिकारी ने नाम ना बताने की शर्त पर भास्कर से कहा है कि हमने बीसीसीआई से जवाब मांगा है और इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
बीसीसीआई ने किया खारिज
सेमीफाइनल मैच में पिच बदलाव के आरोपों को बीसीसीआई ने सिरे से खारिज कर दिया है। बोर्ड ने उसे बेबुनियाद बताया है। एक अधिकारी ने कहा है कि वर्ल्ड कप मैचों की हर पिच आईसीसी के कंसलटेंट की मौजूदगी में तय की जाती है। उनके निर्देशों पर ही ये तय होता है कि कौन सी पिच का उपयोग किया जाएगा।
