क्रिकेट

IPL 2025: डेनियल विटोरो ने बताया बल्ले के आकार की जांच का पड़ेगा कितना असर

डेनियल विटोरी ने बताया है कि आईपीएल के दौरान अंपायरों द्वारा बल्ले की जांच किए जाने का कितना पड़ेगा असर?

Image

बैट के आकार की जांच करते अंपायर(साभार IPL/BCCI)

मुंबई: सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने बुधवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अंपायरों द्वारा बल्ले के आकार की जांच करने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। विटोरी ने कहा कि काश उनके खेलने के दिनों में भी ऐसे मापदंड लागू होते। अंपायर बल्ले की जांच एक गेज (बल्ले के आकार को मापने वाला तिकोना पैमाना) से करते रहे हैं, जिससे बल्ले को गुजरना पड़ता है। इसका मकसद बड़े आकार के बल्ले के इस्तेमाल को खत्म करना है।

अंंपायरों ने बदल दिया था नॉर्खिया का बल्ला

इस सत्र में मैदानी अंपायरों के पास मैच के दौरान बल्ले की जांच करने की छूट है। इसका ताजा उदाहरण कोलकाता नाइट राइडर्स के एनरिक नॉर्खिया हैं। मंगलवार को उनका बल्ला परीक्षण में विफल रहा जिसके बाद उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में इसे बदलना पड़ा।

काश हमारे समय में होती बल्ले का जांच

विटोरी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के मैच की पूर्व संध्या पर यहां वानखेड़े स्टेडियम में संवाददाता सम्मेलन में कहा,'काश जब मैं खेल रहा था तब भी उन्होंने बल्ले की जांच की होती। नहीं, मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ेगा। इन खिलाड़ियों को इस तरह की जांच से नियमित तौर पर गुजरना पड़ता है। अंपायर अक्सर ड्रेसिंग रूम में जाते हैं, इसलिए खिलाड़ियों को पता होता है कि उनके बल्ले नियमों के अनुसार हैं। इसमें बस एक सेकंड का समय लगता है। यह बड़ा बल्ला रखने की कोशिश करने वालों पर रोक लगायेगा। अपने बल्ले को हालांकि उस गेज से गुजारना बहुत आसान है।'

हमारी टीम में नहीं है ये चर्चा का विषय

विटोरी ने कहा कि यह एसआरएच बल्लेबाजों के बीच चर्चा का विषय नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बल्ले के आकार में कमी आने की कोई संभावना है। इस पूर्व दिग्गज ने कहा,'वास्तव में नहीं। मुझे लगता है कि जिस तरह से बल्ले बिना वजन बढ़ाए बड़े आकार के हो गये है, वह बल्ले निर्माताओं का कौशल है (जिसका श्रेय उन्हें दिया जाना चाहिए)। यह आज के दौर के बल्लेबाजी की मांग के अनुरूप है। यह खेल का हिस्सा है, विकास का हिस्सा है। ऐसा लगता है कि हर कोई छक्के और चौके का लुत्फ उठा रहा है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम बल्ले के आकार में कमी करने जा रहे हैं। मुझे इसकी (बल्ले की जांच) ज्यादा परवाह नहीं है।'

ईशान किशन के अनुभव का उठाएंगे फायदा

विटोरी ने कहा कि उनकी टीम ईशान किशन के अपने पिछले फ्रेंचाइजी और वानखेड़े स्टेडियम के ज्ञान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा,'हम मुंबई की मानसिकता और वे कुछ स्थितियों से कैसे निपटते हैं यह समझने के साथ पिच, ओस और उन सभी छोटी-छोटी चीजों को समझने में उनकी समझ का लाभ उठाना चाहेंगे। ऐसा नहीं करना मूर्खता होगी। मेरे और बाकी कोचों के लिए उनके पास इस समय बहुत ज्ञान है, ऐसे इस लिए भी है क्योंकि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article